यूपी का बांदा एशिया में सबसे गर्म, पारा 45.4°C पहुंचा, MP-छत्तीसगढ़ समेत 10 राज्यों में 4 दिन लू का अलर्ट

देश के लगभग सभी राज्यों में भीषण गर्मी पड़ रही है। उत्तर प्रदेश के बांदा में शुक्रवार को तापमान 45.4°C दर्ज हुआ, जो इस गर्मी में अब तक भारत ही नहीं, एशिया में सबसे ज्यादा तापमान था। यह सामान्य से 4.9°C ज्यादा है। दिलचस्प यह है कि एक हफ्ते पहले 9-10 अप्रैल को देश के मैदानी इलाकों में सबसे कम 12°C तापमान भी बांदा में ही था। इधर, आज से अगले 4 दिन मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और केरल में लू चलने की आशंका है। राजस्थान, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और दिल्ली में शुक्रवार को बारिश ने थोड़ी राहत दी है। फिर भी इन राज्यों में पारा 40°C के ऊपर रहा।

यूपी के 16 जिलों में तापमान 40°C से ज्यादा रहा, जिससे हीटवेव यानी लू चली। प्रयागराज, वाराणसी समेत 50 शहरों में भीषण गर्मी पड़ रही है। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा के कई जिलों में तापमान 43°C के पार पहुंच गया है। MP के 13 जिलों में स्कूलों का टाइम बदला गया है। छत्तीसगढ़ के अलावा ओडिशा के बोलांगीर, सुबर्णपुर और कालाहांडी जिलों में 21 अप्रैल तक सभी स्कूल, कॉलेज और आंगनवाड़ी केंद्र बंद रहेंगे।