गर्मियों में यात्रियों को राहत, दुर्ग-शालीमार के बीच चलेगी समर Special Train
गर्मी की छुट्टियों में ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए दुर्ग-शालीमार-दुर्ग के बीच समर स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन एक-एक फेरे के लिए संचालित की जाएगी, जिससे यात्रियों को कंफर्म बर्थ की सुविधा मिल सके। रेल प्रशासन के अनुसार, ट्रेन संख्या 08745 दुर्ग-शालीमार समर स्पेशल 22 अप्रैल (बुधवार) को रात 21:45 बजे दुर्ग से रवाना होगी और रायपुर, भाटापारा, बिलासपुर, चांपा, रायगढ़, झारसुगुड़ा, राउरकेला, चक्रधरपुर, टाटानगर, खड़गपुर एवं सांतरागाछी होते हुए अगले दिन 13:45 बजे शालीमार पहुंचेगी। वहीं, ट्रेन संख्या 08746 शालीमार-दुर्ग समर स्पेशल 23 अप्रैल 2026 (गुरुवार) को 17:45 बजे शालीमार से रवाना होकर अगले दिन 11:15 बजे दुर्ग पहुंचेगी।
ठहराव और कोच व्यवस्था
इन ट्रेनों का ठहराव रायपुर, भाटापारा, बिलासपुर, चांपा और रायगढ़ सहित प्रमुख स्टेशनों पर रहेगा। समर स्पेशल में कुल 18 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें 2 एसएलआरडी, 4 सामान्य, 10 स्लीपर और 2 एसी-3 कोच शामिल हैं।
