ग्रामीणों और बारातियों के बीच चले लात-घूंसे, जांजगीर-चांपा में दूल्हे के पिता समेत 5 गंभीर घायल

जांजगीर-चांपा जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र के पौना गांव में बरात के दौरान अचानक विवाद भड़क गया, जिसने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। जानकारी के मुताबिक 16 अप्रैल को खोखरा गांव से पुनउराम यादव के यहां बरात आई थी। परघनी कार्यक्रम के दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल बन गया और अफरा-तफरी मच गई। विवाद बढ़ने के बाद गांव के कुछ लोगों ने बरात में शामिल युवकों पर लाठी-डंडों और लात-घूंसों से हमला कर दिया। हमलावरों ने बारातियों को निशाना बनाकर बेरहमी से पीटा। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें मारपीट की तस्वीरें साफ देखी जा सकती हैं। वीडियो के वायरल होने के बाद यह मामला और भी सुर्खियों में आ गया है और लोगों में आक्रोश देखने को मिल रहा है। इस हमले में करीब 5 युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में मनेश्वर यादव, अविनाश बरेठ, देवराज बरेठ और दूल्हे के पिता अशोक यादव शामिल हैं। सभी को तत्काल जिला अस्पताल जांजगीर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं लोकेश यादव निवासी खरौद की आंख में गंभीर चोट आई है, जिसके बाद उसे बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

इस घटना में दूल्हे के पिता अशोक यादव को भी नहीं बख्शा गया और उनकी बेरहमी से पिटाई की गई। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने किसी को नहीं छोड़ा और जो सामने आया, उसे निशाना बनाया गया। घटना के बाद शादी का माहौल पूरी तरह बिगड़ गया और खुशी का मौका मातम में बदल गया। परिजन और गांव के लोग इस घटना से सदमे में हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही मुलमुला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने कहा है कि वीडियो और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी हुई है। इस घटना ने क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।