डिलीवरी देने पहुंचे दुकानदार ने MBA की छात्रा के साथ वूमेन हॉस्टल में किया रेप, ओडिशा में शर्मनाक घटना

ओडिशा में एक बार फिर शर्मनाक घटना सामने आई है। राजधानी भुवनेश्वर के गंगापाड़ा इलाके में एक स्थानीय दुकानदार ने एमबीए स्टूडेंट के साथ रेप किया। पुलिस ने इस मामले के खुलासे के बाद आरोपी को अरेस्ट कर लिया है। 67 साल के दुकानदार ने एमबीए स्टूडेंट को तब हवस का शिकार बनाया जब वह हॉस्टल के रूम में अकेली थी। दुकानदार उसे डिलीवरी देने के लिए पहुंचा था। आरोपी दुकानदार के खिलाफ इंफो वैली पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार पीड़ित छात्रा मूलरूप से छत्तीसगढ़ के बिलासपुर की रहने वाली है। वह एक प्राइवेट कॉलेज से एमबीए की पढ़ाई कर रही है। वह एमबीए की द्वितीय वर्ष की छात्रा है। इस घटना के सामने आने के बाद ओडिशा सरकार एक बार फिर से महिला सुरक्षा पर घिर गई है। सवाल खड़ा हो रहा है कि हॉस्टल की सुरक्षा में इतनी गंभीर घटना कैसे हो गई? पुलिस के अनुसार यह घटना 24 अप्रैल को हुई। आरोपी की पहचान 67 साल के दीपक प्रधान के तौर पर हुई है।

छात्रा ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि आरोपी सामान देने के बहाने या मौका देखकर छात्रा के हॉस्टल के कमरे में घुसा था। उस समय वह अकेली थी। आरोपी पर आरोप है कि उसने छात्रा का यौन उत्पीड़न किया।पुलिस ने बताया कि प्रथमदृष्टया सबूत मिलने के बाद उस व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। इसने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य परिस्थितिजन्य सबूतों से महिला के आरोपों की पुष्टि हुई। पुलिस ने बताया कि पीड़िता का बयान मजिस्ट्रेट के समक्ष दर्ज किया गया और उसकी चिकित्सकीय जांच भी की गई। इसने बताया कि घटनाक्रम की पूरी जानकारी जुटाने के लिए जांच जारी है।