कल दोपहर ढाई बजे जारी होंगे CG बोर्ड के नतीजे, 10वीं-12वीं के 5.66 लाख स्टूडेंट्स ने दिया था एग्जाम

छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल के 10वीं-12वीं बोर्ड परीक्षा के परिणाम कल यानी बुधवार, 29 अप्रैल को जारी हो जाएंगे। शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने इसकी घोषणा कर छात्रों को खुशखबरी दी है। बता दें कि 15 अप्रैल तक दोनों क्लास की उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन का काम पूरा हो गया था। वहीं 12वीं के हिंदी प्रश्नपत्र के लीक होने की घटना ने प्रक्रिया को कुछ समय के लिए प्रभावित किया।

शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने अपने एक्स पर पोस्ट कर लिखा है कि इंतजार की घड़ियां अब समाप्ति की ओर है। बुधवार दोपहर 2:30 बजे माध्यमिक शिक्षा मंडल के हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी परीक्षा परिणाम औपचारिक रूप से घोषित किए जाएंगे। उन्होंने कहा है कि यह केवल अंकों की घोषणा नहीं, बल्कि वर्षों की मेहनत, अनुशासन और अभिभावकों व शिक्षकों के सतत मार्गदर्शन का प्रतिफल है। इस अवसर पर सभी विद्यार्थियों को धैर्य बनाए रखने, परिणाम को सकारात्मक दृष्टिकोण से स्वीकार करने और भविष्य की दिशा में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की शुभकामनाएं। प्रत्येक परिणाम एक नई शुरुआत का संकेत है और हर विद्यार्थी में आगे बढ़ने की अपार संभावनाएं निहित हैं।

बता दें कि इस वर्ष 10वीं बोर्ड परीक्षा में लगभग 3.21 लाख विद्यार्थी शामिल हुए थे। जबकि 2.45 लाख विद्यार्थियों ने 12वीं की परीक्षा दी। वहीं 12वीं क्लास का हिंदी पेपर लीक होने की वजह से रिजल्ट जारी होने में थोड़ा समय हो गया, वरना एक सप्ताह पहले जारी हो जाता।

कक्षा पांचवीं और आठवीं की परीक्षाओं का मूल्यांकन कार्य भी लगभग पूरा हो चुका है। परीक्षा समाप्त होने के तुरंत बाद शिक्षकों को उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन के निर्देश दिए गए थे। अब इन कक्षाओं के विद्यार्थियों की अंकसूची तैयार करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है।

संभावना जताई जा रही है कि पांचवीं और आठवीं के परिणाम अप्रैल के अंत तक घोषित कर दिए जाएंगे। साथ ही जो विद्यार्थी परीक्षा में सफल नहीं हो पाएंगे। उनके लिए पुन: परीक्षा आयोजित करने की भी तैयारी की जा रही है।