SDRF ने मगरमच्छ के मुंह से निकाला बच्ची आधा धड़, 6 घंटे तक जबड़े में दबाए चंबल नदी में घूमता रहा

मुरैना जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. जहां एक मगरमच्छ 7 साल की बच्ची को चंबल नदी में खींच ले गया. करीब छह घंटे तक वह बच्ची को अपने जबड़े में दबाए हुए नदी में घूमता रहा. एसडीआरएफ (SDRF) की टीम ने कड़ी मशक्त के बाद बच्ची का आधा शव मगरमच्छ के मुंह से बाहर निकाला. मगरमच्छ बच्ची के कमर के नीचे का हिस्सा खा गया.

जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक घटना जिले के चिन्नोनी थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सिंगरौली की है. जहां रहने वाले विजय सिंह केवट की 7 साल की बेटी राबी मंगलवार 28 अप्रैल की सुबह करीब 9 बजे बेदपुरा गांव के घाट पर नहाने गई थी. नदी किनारे बैठे एक मगरमच्छ ने बच्ची को दबोच लिया. वहां मौजूद ग्रामीणों ने शोर मचाकर बच्ची को छुडा़ने की कोशिश की, लेकिन मगरमच्छ उसे नदी में खींच ले गया. घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई.

सूचना पर चिन्नोनी थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची. टीम ने बच्ची का शव जबड़े में दबाए घूम रहे मगरमच्छ का पीछा करना शुरू किया. करीब 6 घंटे बाद उसका शव मगरमच्छ के चंगुल से मुक्त कराया जा सका.

मगरमच्छ बालिका की कमर के नीचे का हिस्सा पूरी तरह खा गया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कैलारस चिकित्सालय भेज दिया है. पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा. इस घटना के बाद से बेदपुरा और आसपास के ग्रामीण इलाकों में दहशत बनी हुई है.