छत्तीसगढ़ में 50KM की रफ्तार से चलेगी आंधी, 2 सिस्टम एक्टिव, 5 दिन बारिश के आसार

भीषण गर्मी के बीच छत्तीसगढ़ में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। गुरुवार शाम रायगढ़ और गरियाबंद जिलों में तेज बारिश के साथ जमकर ओलावृष्टि हुई। कई इलाकों में हालात ऐसे रहे कि खेतों और सड़कों पर बर्फ जैसी सफेद चादर बिछ गई। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले 5 दिनों तक गरज-चमक, बिजली गिरने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

गरियाबंद जिले के इंदागांव, उदंती और जुगाड़ क्षेत्र में ओले इतनी मात्रा में गिरे कि नेशनल हाईवे 130C के किनारे खेत पूरी तरह सफेद नजर आए। रायगढ़ जिले में भी कई स्थानों पर तेज बारिश के साथ ओले गिरे।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले 48 घंटों में अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है। हालांकि इसके बाद 3 दिनों तक तापमान स्थिर रहने की संभावना है।
बीते 24 घंटों में दुर्ग प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां तापमान 43.6°C दर्ज किया गया, जबकि जगदलपुर में न्यूनतम तापमान 24.1°C रहा।

राजधानी रायपुर में आज बादल छाए रहने के साथ गरज-चमक और हल्की बारिश की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 42°C और न्यूनतम तापमान 30°C रहने का अनुमान है।