BIG NEWS : जम्मू के बंतलाब में दर्दनाक हादसा, पुल का हिस्सा गिरने से 6 मजदूर दबे, रेस्क्यू जारी
जम्मू के बंतलाब के ठर इलाके में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया. यह घटना उस समय हुई जब एक पुल को चौड़ा करने का काम चल रहा था और उसके नीचे मजदूर काम कर रहे थे. इसी दौरान अचानक पुल का एक बड़ा हिस्सा भरभराकर गिर गया और नीचे काम कर रहे मजदूर उसकी चपेट में आ गए. हादसे में कुल 6 मजदूर मलबे के नीचे दब गए. घटना के तुरंत बाद राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया. जम्मू कश्मीर पुलिस, एसडीआरएफ, भारतीय सेना और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है. अब तक 2 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि 4 मजदूर अभी भी मलबे के नीचे फंसे हुए हैं. उन्हें निकालने के प्रयास लगातार जारी हैं. मौके पर राहत टीमों की ओर से भारी मशीनरी की मदद से मलबा हटाया जा रहा है. स्थानीय विधायक श्याम लाल शर्मा ने भी घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि चार लोग अभी भी फंसे हुए हैं और उन्हें बचाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं.
फिलहाल मौके पर बचाव अभियान तेजी से जारी है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है.
