रायपुर में 10 मई को प्रयास विद्यालयों की प्रवेश परीक्षा, ऑनलाइन डाउनलोड कर सकते हैं एडमिट कार्ड
मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजना के तहत प्रदेश के प्रयास आवासीय विद्यालयों में सत्र 2026–27 के लिए कक्षा 9वीं में प्रवेश के लिए प्राक्चयन परीक्षा 10 मई 2026 को होगी। इसी परीक्षा के आधार पर विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र 1 मई से डाउनलोड किए जा रहे हैं, जिसकी अंतिम तिथि 10 मई को सुबह 9:30 बजे तक निर्धारित की गई है। परीक्षा 10 मई को सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित होगी, जिसमें अभ्यर्थियों को निर्धारित समय पर उपस्थित होना अनिवार्य रहेगा।
विद्यार्थी अपना प्रवेश पत्र आधिकारिक वेबसाइट https://eklavya.cg.nic.in से डाउनलोड कर सकते हैं। यदि किसी छात्र को प्रवेश पत्र डाउनलोड करने में समस्या आती है, तो वे अपने जिले के सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास कार्यालय से संपर्क कर आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
जानिए क्या है प्रयास स्कूल
नक्सल प्रभावित जिलों के प्रतिभावान छात्रों के उत्कृष्ट और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर की इंजीनियरिंग, मेडिकल और वाणिज्य विषय से संबंधित प्रवेश परीक्षाओं में सफल होने के लिए प्रयास आवासीय विद्यालय बनाया गया है। ये आदिवासी छात्रों के लिए एक स्कूल है। ये पूरी तरह से निशुल्क है।
