IPL- गुजरात की लगातार तीसरी जीत, पंजाब ने सीजन में दूसरा मैच गंवाया, साई सुदर्शन की फिफ्टी
गुजरात टाइटंस ने IPL में रविवार के दूसरे मैच में टेबल टॉपर पंजाब किंग्स को 4 विकेट से हरा दिया है। उसने लगातार तीसरे मैच में जीत हासिल की है, जबकि पंजाब ने लगातार दूसरा मैच गंवाया है। इस हार के बावजूद पंजाब टेबल के टॉप पर है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। पंजाब ने 20 ओवर में 9 विकेट पर 163 रन बनाए। गुजरात ने 164 रन का टारगेट 19.5 ओवर में 6 विकेट पर हासिल कर लिया। वॉशिंगटन सुंदर ने मार्कस स्टोयनिस की बॉल पर छक्का मारकर जीत दिलाई।
रन चेज में गुजरात ने 16 रन के स्कोर पर कप्तान शुभमन गिल (5 रन) का विकेट गंवा दिया था। उन्हें अर्शदीप सिंह ने कैच कराया। यहां से साई सुदर्शन ने मोर्चा संभाला। उन्होंने जोस बटलर के साथ मिलकर स्कोर 69 रन तक पहुंचाया। फिर निशांत सिंधु के साथ मिलकर टीम को 100 पार पहुंचा दिया। जब सुदर्शन आउट हुए तब तक टीम 124 के स्कोर तक पहुंच चुकी थी। बाकी का काम वॉशिंगटन सुंदर और राहुल तेवतिया ने पूरा कर दिया।
पहले बैटिंग करते हुए पंजाब ने टीम ने 47 रन पर 5 विकेट गंवा दिए थे। यहां से सूर्यांश शेडगे ने मार्कस स्टोयनिस के साथ 44 बॉल पर 79 रन की साझेदारी करके टीम का स्कोर 100 पार पहुंचाया। शेडगे ने 29 बॉल पर 57 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। जबकि स्टोयनिस 40 रन बनाकर आउट हुए।
गुजरात की ओर से जेसन होल्डर ने 4 विकेट झटके। मोहम्मद सिराज और कगिसो रबाडा को 2-2 विकेट मिले।
