150 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ा पति, पत्नी के मायके जाने से था नाराज, शराब पीकर करता था मारपीट

छत्तीसगढ़ : कोरबा जिले में पत्नी के मायके जाने से नाराज पति सोमवार को 150 फीट ऊंचे हाईटेंशन लाइन के टावर पर चढ़ गया और सुसाइड करने की धमकी देता रहा। करीब ढाई घंटे तक पति का हाईवोल्टेज ड्रामा चलता रहा। पत्नी के घर लौटने की हामी भरने के बाद वह नीचे उतरा। घटना उरगा थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक पति का नाम मुकेश सांडे (34) है, जो कि पत्नी के साथ ग्राम करमंदी में रहता है। पत्नी का आरोप है कि पति शराब पीकर मारपीट करता था। जिससे तंग आकर वह मायके बुंदेली चली गई थी। वहीं अब टावर पर चढ़ने और हाईवोल्टेज ड्रामा का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। दरअसल, मुकेश मजदूरी करता है और शराब पीने का आदी है। दो-तीन पहले पत्नी मायके चली गई थी, मुकेश ने उसे मनाने की कई कोशिशें कीं, लेकिन वह नहीं मानी। इससे परेशान होकर सोमवार शाम करीब 5 बजे मुकेश नशे की हालत में हाईटेंशन लाइन के टावर पर चढ़ गया।

उसे चढ़ते देख ग्रामीणों ने उसे आवाज लगाकर नीचे उतरने को कहा, लेकिन उसने ग्रामीणों की एक न सुनी। टावर के टॉप पर बैठकर वह जोर-जोर से चिल्लाने लगा। उसने शर्त रखी कि अगर पत्नी घर लौटने को तैयार होगी, तभी वह नीचे आएगा, वरना करंट वाले तार को छूकर जान दे देगा। इसके बाद ग्रामीणों फौरन मामले की सूचना पुलिस की दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नवीन पटेल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। ऊंचाई अधिक होने के कारण मुकेश तक आवाज नहीं पहुंच पा रही थी, इसलिए पुलिस ने मोबाइल पर उससे संपर्क किया।

शुरुआत में मुकेश बात करने को तैयार नहीं था और बार-बार तार छूने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने भीड़ को हटाकर मुकेश से बात की। उसने दोहराया कि पत्नी के घर आने पर ही वह नीचे उतरेगा। थाना प्रभारी ने मुकेश की पत्नी से बात की।

पत्नी ने विवाद न करने की शर्त पर घर लौटने की हामी भर दी। इसके बाद मुकेश धीरे-धीरे टावर से नीचे उतरा, फिर पुलिस उसे हिरासत में लेकर अस्पताल में भर्ती कराया, क्योंकि उसकी सांसें फूल गई थीं। दो बोतल पानी पीने के बाद उसे कुछ राहत मिली। बताया गया कि उसने अपने मुंह में गुड़ाखू दबा रखा था, जिससे उसकी हालत और बिगड़ रही थी। फिलहाल मुकेश की स्थिति अभी सामान्य है। मामले में थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि युवक पत्नी के मायके जाने से टावर पर चढ़ा था, समझाइश के बाद नीचे उतर गया।