RUB निर्माण के चलते रद्द हुई 6 लोकल ट्रेनें बहाल, 6 मई से फिर पटरी पर लौटेंगी

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने रायपुर मंडल के निपनिया-भाटापारा सेक्शन में चल रहे रोड अंडरब्रिज निर्माण कार्य के बीच यात्रियों को बड़ी राहत दी है। रेलवे ने पहले निरस्त और आंशिक रूप से प्रभावित की गई 6 मेमू पैसेंजर ट्रेनों को अब फिर से बहाल कर दिया है। ये सभी ट्रेनें 6 मई 2026 से अपने तय समय पर चलेंगी। रेलवे के मुताबिक, निपनिया-भाटापारा सेक्शन में लेवल क्रॉसिंग नंबर 380 पर रोड अंडरब्रिज बनाने का काम चल रहा था। इसी के तहत रिलिविंग गर्डर लॉन्चिंग का काम किया गया। जिस कारण कुछ ट्रेनों को रद्द और कुछ को बीच रास्ते तक ही चलाया गया था। रेलवे ने कुल 6 ट्रेनों को फिर से बहाल किया है। इनमें 4 ट्रेनें पूरी तरह रद्द की गई थीं, जबकि 2 ट्रेनों को शॉर्ट टर्मिनेट और शॉर्ट ओरिजिनेट किया गया था।

ये 4 ट्रेनें फिर से चलेंगी

68728 रायपुर-बिलासपुर मेमू पैसेंजर
68734 बिलासपुर-गेवरा रोड मेमू पैसेंजर
68733 गेवरा रोड-बिलासपुर मेमू पैसेंजर
68719 बिलासपुर-रायपुर मेमू पैसेंजर
रेलवे ने बताया कि ये सभी ट्रेनें 6 मई से अपने तय समय के अनुसार चलेंगी।

ये 2 ट्रेनें भी पूरी रूट पर बहाल

68861 गोंदिया-झारसुगुड़ा मेमू
68862 झारसुगुड़ा-गोंदिया मेमू
पहले ये ट्रेनें बीच रास्ते तक ही चलाई जा रही थीं, लेकिन अब इन्हें फिर से पूरे रूट पर चलाने का फैसला लिया गया है।

ट्रेनों के रद्द और आंशिक रूप से चलने की वजह से रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।

नौकरी और ऑफिस जाने वालों को बसों और निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ रहा था। छात्रों को कॉलेज और कोचिंग पहुंचने में परेशानी हो रही थी। बिलासपुर, रायपुर और गेवरा रोड रूट पर यात्रा करने वाले यात्रियों का समय ज्यादा लग रहा था।

ट्रेनों को बहाल किए जाने से रोजाना यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को राहत मिलेगी। खासकर रायपुर-बिलासपुर सेक्शन में लोकल ट्रेन सेवा सामान्य होने से ऑफिस कर्मचारी, छात्र और व्यापारियों की आवाजाही आसान होगी। साथ ही यात्रियों का समय और अतिरिक्त खर्च दोनों बचेंगे।