रायपुर कलेक्ट्रेट की मल्टीलेवल-पार्किंग में अवैध वसूली, निगम ने टेंडर नहीं दिया, निजी लोग काट रहे रसीद

रायपुर कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मल्टीलेवल पार्किंग में अवैध वसूली, शराबखोरी और संदिग्ध गतिविधियों का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने के बाद सोमवार को रायपुर नगर निगम के उड़नदस्ता और पुलिस टीम ने संयुक्त छापेमारी की। जांच में पता चला कि निगम ने इस पार्किंग के लिए कोई वैध टेंडर जारी नहीं किया था। इसके बावजूद अवैध तरीके से पार्किंग संचालित किया जा रहा था। निगम कर्मचारियों की बजाय निजी लोगों को पार्किंग वसूली करते पाया गया। पुलिस ने सामग्री जब्त कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतें सही मिलने पर पार्किंग में कार्यरत निगम के 4 कर्मचारियों को नोटिस जारी किया गया है।

पार्किंग के लिए अभी तक टेंडर जारी नहीं हुआ है, इसलिए संचालन निगम के पास है। तीन महीने पहले ही यहां शुल्क वसूली शुरू हुई है। इसके बाद अवैध वसूली बढ़ी है। बिना सीरियल नंबर और सील की पर्चियां देकर पैसा लिया जा रहा है। जबकि कुछ मामलों में क्यूआर कोड से व्यक्तिगत खातों में भुगतान लिया जा रहा है। इन सभी पहलुओं की जांच निगम के अधिकारी कर रहे हैं। कलेक्टोरेट मल्टीलेवल पार्किंग में मिली शिकायतों के बाद जब निगम की टीम वहां पहुंची, तो अवैध पार्किंग वसूली से संबंधित कई दस्तावेज मिले। इसमें ठेकेदार मोहम्मद शोएब के नाम की मासिक पास पर्ची और आर्म्स लाइसेंस से संबंधित दस्तावेज मिले हैं।

आर्म्स लाइसेंस के दस्तावेज में किसी तरह की मुहर भी नहीं लगी थी। पुलिस की टीम ने आर्म्स लाइसेंस को जब्त कर लिया है और लाइसेंस के संबंध में जांच की जा रही है।