7 मई को 6 घंटे के लिए बंद रहेगा मुंबई एयरपोर्ट, फ्लाइट्स रहेंगी ठप! जानिए वजह
मुंबई का छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट (CSMIA) 7 मई को कुछ घंटों के लिए बंद रहेगा. इस दौरान रनवे पर प्री-मॉनसून मेंटेनेंस का काम किया जाएगा. एयरपोर्ट प्रशासन के मुताबिक, गुरुवार सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक यानी 6 घंटे के लिए दोनों रनवे बंद रहेंगे. इस दौरान कोई भी फ्लाइट न तो टेकऑफ करेगी और न ही उसकी लैंडिंग होगी. एयरपोर्ट प्रशासन के मुताबिक, CSMIA के रनवे 09/27 और रनवे 14/32 पर यह काम यात्रियों और उड़ानों की सुरक्षा के लिए बहुत जरूरी है. मॉनसून के मौसम में रनवे सुरक्षित रहें, इसके लिए सतह की जांच की जाएगी और छोटी-मोटी समस्याओं को ठीक किया जाएगा. बता दें कि एयरपोर्ट की पूरी एयरसाइड सुविधा (1033 एकड़) को अच्छी स्थिति में रखने के लिए सालाना मेंटेनेंस किया जाता है.
एयरपोर्ट ने इस मेंटेनेंस की जानकारी 6 महीने पहले ही सभी एयरलाइंस और संबंधित पक्षों को दे दी थी. जिससे एयरलाइंस को अपने फ्लाइट शेड्यूल पहले से बदलने का मौका मिल गया. एयरपोर्ट ने कहा कि यात्रियों को किसी तरह की परेशानी ना हो इसके लिए सभी स्टेकहोल्डर्स के साथ अच्छा कॉर्डिनेशन रखा गया है. एयरपोर्ट पर दोनों रनवे का मेंटेनेंस आधुनिक मशीनों और स्पेशल टीम की मदद से किया जाएगा. प्लानिंग के तहत 6 घंटे के अंदर पूरा काम किया जाएगा.
बता दें कि मुंबई का छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट भारत का दूसरा सबसे बिजी एयरपोर्ट है. वित्त वर्ष 2024-25 में यहां 55.12 मिलियन (5.5 करोड़ से ज्यादा) यात्रियों ने सफर किया. यह दुनिया का सबसे व्यस्त सिंगल रनवे एयरपोर्ट भी माना जाता है. यहां रोजाना करीब 1000 उड़ानें (Air Traffic Movements) आती-जाती हैं.
एयरपोर्ट का संचालन मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (MIAL) करता है, जो अडानी एयरपोर्ट होल्डिंग्स और एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) का संयुक्त उद्यम है. इसमें अडानी ग्रुप की 74% हिस्सेदारी है.
