IPL- मुंबई आखिरी बॉल पर हारी, प्लेऑफ रेस से बाहर, बेंगलुरु 2 विकेट से जीती, भुवनेश्वर को 4 विकेट
मुंबई इंडियंस IPL प्लेऑफ से बाहर हो गई है। रविवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से हुए रोमांचक मुकाबले में आखिरी बॉल पर उसकी हार हुई। 20वें ओवर की चौथी गेंद पर भुवनेश्वर का सिक्स बेंगलुरु की जीत में सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हुआ। RCB के 8 विकेट गिर चुके थे। 20वें ओवर की 3 बॉल बाकी थीं। मुंबई की जीत तय लग रही थी, तभी भुवनेश्वर कुमार ने ओवर की चौथी गेंद पर सिक्स लगाकर बेंगलुरु की उम्मीदों को फिर जिंदा कर दिया। पांचवीं गेंद पर उन्होंने सिंगल लिया। अब बेंगलुरु को एक गेंद पर जीत के लिए 2 रन चाहिए थे। स्ट्राइक पर रसिख सलाम थे। उन्होंने सामने शॉट लगाया और दौड़ कर दो रन ले लिए। अखिरी रन लेते समय विकेट कीपर ने रन आउट किया। जिससे फैसला थर्ड अंपायर के पास चला गया, लेकिन रिव्यू में पाया गया कि वेल्स गिरने से पहले रसिख क्रीज में पहुंच चुके थे। बेंगलुरु ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। मुंबई ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 166 रन बनाए। 167 रन का टारगेट बेंगलुरु ने 20 ओवर में 8 विकेट पर हासिल किया।
18वें ओवर तक मैच बेंगलुरु के पाले में जाता दिख रहा था। क्रुणाल पंड्या फिफ्टी बनाकर खेल रहे थे और बेंगलुरु को 13 बॉल पर 18 रनों की जरूरत थी। यहां अल्लाह गजनफर ने अपने ओवर की आखिरी बॉल पर क्रुणाल पंड्या को तिलक वर्मा के हाथों कैच करा दिया। क्रुणाल ने 73 रन की पारी खेलकर पावरप्ले में 3 विकेट गंवाने वाली बेंगलुरु को इस स्थिति तक पहुंचाया था। पावरप्ले में विराट कोहली 0, पडिक्कल 12 और पाटीदार 8 रन बनाकर पवेलियन लौट गए थे। यहां से क्रुणाल पंड्या ने जैकब बेथेल के साथ 55 रन की साझेदारी की। मुंबई के लिए तिलक वर्मा ने अर्धशतक लगाया। उन्होंने 42 बॉल पर 57 रन की पारी खेली। उनके अलावा नमन धीर ने 47 रन बनाए। बेंगलुरु के लिए भुवनेश्वर कुमार ने 4 विकेट लिए।
