दुनिया का वो रहस्यमयी कोना, जहां हर रात गिरती है हजारों बार बिजली
क्या आप किसी ऐसी जगह के बारे में सोच सकते हैं, जहां आसमान से बिजली गिरना मौसम खराब होना या फिर कोई इत्तेफाक नहीं, बल्कि हर रात का नियम हो? सुनने में भले ही यह अजीब लग रहा हो लेकिन एक ऐसी झील है, जहां यह हर रात होता है. वेनेजुएला की मैराकाइबो झील एक ऐसी जगह है, जिसने पूरी दुनिया के वैज्ञानिकों का ध्यान अपनी ओर खींचा है. नासा के नए सैटेलाइट डेटा ने अब यह साफ कर दिया है कि यह झील दुनिया का सबसे एक्टिव लाइटनिंग हॉटस्पॉट है. कई सालों तक वैज्ञानिकों का मानना था कि अफ्रीका का कोंगो बेसिन दुनिया में सबसे ज्यादा बिजली कड़कने वाला क्षेत्र है. लेकिन हाई-रिजोल्यूशन सैटेलाइट टेक्नोलॉजी और नासा के लाइटनिंग इमेजिंग सेंसर ने इस सोच को पूरी तरह से बदल दिया है. नई मैपिंग से पता चला है कि मैराकाइबो झील में बिजली गिरने की तीव्रता और फ्रीक्वेंसी दुनिया के किसी भी दूसरे स्थान से कहीं ज्यादा है.
ज्यादातर तूफान और बिजली दिन की गर्मी से पैदा होता है और फिर रात होते ही ठंडे पड़ जाते हैं. लेकिन मैराकाइबो झील का मामला बिल्कुल अलग है. यहां रात के समय आसमानी बिजली का सबसे खतरनाक रूप देखने को मिलता है. एक रिपोर्ट के मुताबिक किसी किसी दिन तो यहां हजारों बार बिजली गिरती है.झील के चारों तरफ मौजूद पहाड़ों से आने वाली ठंडी हवा जब बेसिन की गर्म और नम हवा से टकराती है, तो यह एक शक्तिशाली तूफान जनरेटर की तरह काम करने लगती है. इसे स्थानीय स्तर पर कैटाटुम्बो लाइटनिंग कहते हैं. यहां बादल इतनी तेजी से बनते हैं कि एक तूफान खत्म होने से पहले दूसरा शुरू हो जाता है, जिससे बिजली गिरने का सिलसिला लगातार चलता रहता है.
नासा के मुताबिक दुनिया के 10 सबसे सक्रिय बिजली वाले इलाकों में से 6 अकेले अफ्रीका में हैं. ये हॉटस्पॉट वहीं बनते हैं जहां गर्मी, नमी और पहाड़ों या तटों का खास संगम होता है. वैज्ञानिकों के लिए इन जगहों का रिसर्च करना बहुत ही जरूरी है, क्योंकि बिजली गिरने के पैटर्न से क्लाइमेट, बारिश और मौसम के बदलावों को समझने में बड़ी मदद मिलती है. स्थानीय लोगों के लिए यह हर रात होने वाला एक अद्भुत प्राकृतिक शो है, लेकिन विज्ञान की दुनिया में यह पृथ्वी के सबसे इलेक्ट्रिक और ऊर्जावान रहस्यों में से एक बना हुआ है.
