छत्तीसगढ़ में 5 दिन मौसम खराब रहेगा, राजस्थान-बंगाल में बने सिस्टम का असर, 40KM रफ्तार से हवा चलेगी
राजस्थान से बंगाल तक बनी ट्रफ लाइन और बिहार से आंध्र प्रदेश तक एक्टिव साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण छत्तीसगढ़ का मौसम बदला हुआ है। इसके प्रभाव से शाम और रात में बादल, गरज-चमक और तेज हवाओं की स्थिति बन रही है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही आकाशीय बिजली गिरने की संभावना भी बनी हुई है। विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास जाने से बचने की सलाह दी है।
विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों तक प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। हालांकि 11 मई के बाद थंडरस्टॉर्म की गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आने की संभावना जताई गई है। इसके बावजूद मौसम पूरी तरह साफ होने में अभी समय लग सकता है।
बीते 24 घंटों के मौसम की बात करें तो अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव दर्ज नहीं किया गया है। हालांकि आने वाले दिनों में तापमान में फिर बढ़ोतरी होने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है, जिससे प्रदेश में गर्मी का असर एक बार फिर तेज हो जाएगा।
राजधानी रायपुर समेत कई शहरों में दोपहर और शाम तक बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक शहर में अधिकतम तापमान लगभग 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
