लक्ष्मी प्रिया और सेंथिल कुमार IAS कौन, जिन्हें थलपति विजय ने तमिलनाडु सीएम बनते ही बनाया निजी सचिव
नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के बाद जारी एक आधिकारिक आदेश में, तमिलनाडु सरकार ने रविवार को पी. सेंथिलकुमार को मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय का अतिरिक्त मुख्य सचिव और सचिव-I बनाया। इसके अलावा जी. लक्ष्मी प्रिया को मुख्यमंत्री का सचिव-II नियुक्त किया गया है। तमिलनाडु का मुख्यमंत्री बनते ही थलपति विजय न जिन दो आईएएस अफसरों को चुना, उनकी चर्चा शुरू हो गई है। पी. सेंथिलकुमार स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग में अतिरिक्त मुख्य सचिव के पद पर कार्यरत थे। वहीं जी. लक्ष्मी प्रिया आदि द्रविड़ और जनजातीय कल्याण विभाग की सचिव थीं। सरकारी आदेश में कहा गया है कि मुख्यमंत्री के अतिरिक्त मुख्य सचिव/सचिव-I और मुख्यमंत्री के सचिव-II के पदों का दर्जा और जिम्मेदारियां, IAS (वेतन) नियम, 2016 के तहत क्रमशः मुख्य सचिव और सहकारी समितियों के रजिस्ट्रार के कैडर पदों के बराबर होंगी। इससे पहले दिन में, TVK प्रमुख सी. जोसेफ विजय ने तमिलनाडु के 13वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली और चेन्नई के फोर्ट सेंट जॉर्ज स्थित सचिवालय में औपचारिक रूप से अपना पदभार ग्रहण किया। शपथ लेने के बाद जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में एक जनसभा को संबोधित करते हुए, विजय ने अपनी सरकार को “वास्तविक, धर्मनिरपेक्ष और सामाजिक न्याय” के “एक नए युग” की शुरुआत बताया।
48 वर्षीय लक्ष्मी प्रिया महज 28 साल की उम्र में यूपीएससी क्लियर करके आईएएस अफसर बन गई थीं। उनकी यह नियुक्ति एक रूटीन प्रशासनिक कदम नहीं है। उन्होंने लक्ष्मी प्रिया को ब्यूरोक्रेसी के इतने बड़े पद पर बैठाकर बता दिया कि विजय सरकार की प्राथमिकताओं, खासकर द्रविड़, जनजातीय कल्याण और सामाजिक न्याय एजेंडे को मजबूती देना है। जी लक्ष्मी प्रिया का जन्म 10 दिसंबर 1978 को हुआ था। वह तमिलनाडु कैडर की अफसर हैं। उन्होंने 2006 में यूपीएससी क्रैक किया था। लक्ष्मी प्रिया ने मदुरै कामराज यूनिवर्सिटी से बीई किया। उसके बाद एमए की डिग्री हासिल की। लक्ष्मी प्रिया अंग्रेजी और तमिल दोनों भाषाओं में निपुण हैं। अपने 18 साल के करियर में उन्होंने जिला कलेक्टर, आयुक्त, संयुक्त सचिव, परियोजना निदेशक और उप कलेक्टर जैसे महत्वपूर्ण पदों पर काम किया। स्टालिन सरकार ने उन्हें 30 जनवरी 2023 से वे चेन्नई में आदि द्रविड़ कल्याण एवं जनजातीय मामलों के विभाग में ट्रांसफर कर दिया था। वह यहीं पर सचिव के पद पर कार्यरत थीं। मुख्यमंत्री विजय ने उन्हें अपना निजी सचिव-2 बनाया है। उनकी नियुक्ति फिलहाल एक वर्ष के लिए हुई है।
डॉ. पी. सेंथिलकुमार का जन्म 15 जुलाई 1968 को हुआ था। वह तमिलनाडु कैडर के 1995 बैच के IAS अधिकारी हैं। उन्होंने B.Sc. और Ph.D. की उपाधि प्राप्त की है। वर्तमान में, वे 1 जुलाई 2024 से तमिलनाडु के पर्यावरण, जलवायु परिवर्तन और वन विभाग में प्रधान सचिव के पद पर कार्यरत थे। अब उन्हें सीएम का सबसे खास अफसर बनाया गया है। अपने करियर के दौरान, उन्होंने सहायक कलेक्टर, जिला कलेक्टर, उप सचिव, विशेष सचिव, आयुक्त, निदेशक, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी, सरकार के प्रधान सचिव और राज्यपाल के प्रधान सचिव सहित विभिन्न पदों पर कार्य किया है। वे अंग्रेजी और तमिल भाषाओं में पारंगत हैं और भारतीय प्रशासनिक सेवा में अपनी सेवाएं जारी रखे हुए हैं।
