सक्ती में 20 हजार रिश्वत लेते ASI गिरफ्तार, ACB ने रंगे हाथों पकड़ा, एसपी ने किया सस्पेंड
छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में रविवार को सक्ती जिले में ACB ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चंद्रपुर थाना में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक (ASI) एस.एन. मिश्रा को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, ग्राम बालपुर निवासी शिव प्रसाद बरेठ ने एसीबी बिलासपुर कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि गांव की सरस्वती जायसवाल द्वारा उसके और उसके परिवार के खिलाफ मारपीट का मामला चंद्रपुर थाना में दर्ज कराया गया था। इस मामले में कड़ी कार्रवाई से बचाने के एवज में ASI एस.एन. मिश्रा द्वारा 40 हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही थी। शिकायत के सत्यापन के दौरान मामला सही पाया गया। जांच में सामने आया कि आरोपी ASI एस.एन. मिश्रा प्रार्थी से पहले ही 20 हजार रुपये ले चुका था, जबकि शेष 20 हजार रुपये लेना बाकी था। इसके बाद एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाई। रविवार को प्रार्थी ने आरोपी को चंद्रपुर स्थित गुड्डू ढाबा में बाकी रकम देने के लिए बुलाया। जैसे ही आरोपी ने 20 हजार रुपये की रिश्वत ली, पहले से मौजूद एसीबी बिलासपुर की टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। मौके से रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली गई।
सूत्रों के मुताबिक, आरोपी ASI के खिलाफ पहले से भी रिश्वतखोरी की शिकायतें मिल रही थीं। फिलहाल एसीबी ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
