‘जन नायकन’ की नई रिलीज डेट: थलपति विजय के मुख्यमंत्री बनने के बाद इस खास दिन आ रही ये फिल्म!

तमिल सुपरस्टार और तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री विजय की मच अवेटेड फिल्म ‘जन नायकन’ की रिलीज का इंतजार कर रहे फैन्स के लिए बड़ी खबर है। जहां विजय की आने वाली फिल्म ‘जन नायकन’ के रिलीज से पहले ही इंटरनेट पर लीक होने की खबर ने मेकर्स और पूरे फिल्म जगत को चिंता में डाल दिया था। वहीं इस फिल्म की रिलीज डेट को लेकर नया अपडेट आ चुका है। विजय की फिल्म में पूजा हेगड़े और बॉबी देओल भी नजर आएंगे। नए मुख्यमंत्री विजय की मच अवेटेड फिल्म ‘जन नायकन’ को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। मेकर्स ने खुद इस फिल्म की रिलीज को लेकर नई जानकारी शेयर की है।

हाल ही में चेन्नई में फिल्म के निर्माता वेंकट के नारायण ने बताया कि ‘जन नायकन’ अगले 14 दिनों के भीतर रिलीज हो सकती है। उन्होंने कहा कि फिल्म की CBFC सर्टिफिकेशन प्रक्रिया अंतिम चरण में है और बोर्ड के साथ लगातार बातचीत जारी है। इसी वजह से फिल्म की रिलीज में देरी हो रही थी। रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म मेकर्स विजय के जन्मदिन पर 22 जून को’जन नायकन’ को रिलीज करने की प्लानिंग कर रहे हैं। पिछले कुछ महीनों से यह फिल्म कई कारणों से चर्चा में बनी हुई थी। इस फिल्म को लेकर सबसे अधिक ऑनलाइन लीक का विवाद भी खूब रहा। डायरेक्टर एच. विनोद के निर्देशन में बनी यह फिल्म विजय के करियर की सबसे स्पेशल फिल्म बताई जा रही है और इसलिए भी ये लोगों के दिलों में खास जगह रखती है।

फिल्ममेकर ने कहा कि विजय बेहद डिसीप्लीन और अपने वादों पर कायम रहने वाले इंसान हैं। उन्होंने कहा है- आम लोगों से उनका जुड़ाव ही उन्हें खास बनाता है। मेकर्स ने यह भी कहा, ‘जन नायकन सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि तमिलनाडु की नई राजनीतिक सोच और बदलाव का प्रतीक भी बन चुकी है।’

फिल्म की स्टारकास्ट काफी दमदार है जिसमें विजय के अलावा पूजा हेगड़े, बॉबी देओल, ममिता बैजू और गौतम वासुदेव मेनन अहम भूमिका में हैं। याद दिला दें कि फिल्म की लीक मामले को गंभीरता से लेते हुए इंडियन मोशन पिक्चर प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन (आईएमपीपीए) ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर हस्तक्षेप की मांग की थी। संस्था ने अपील की थी कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। इस दौरान साउथ के कई बड़े सुपरस्टार ने लीक और पाइरेसी की बढ़ती घटनाओं पर सवाल किए। इसके बाद तमिलनाडु की साइबर पुलिस ने इस मामले में कुछ लोगों की गिरफ्तारी भी कर ली। इस मामले में कमल हासन से लेकर रजनीकांत, चिरंजीवी, विजय देवरकोंडा और अल्लू अर्जुन जैसे एक्टर घटना को निंदनीय बता चुके हैं।