दहेज में नहीं मिले दो लाख रुपये और बुलेट तो दूल्हा मंडप से भागा, बारात भी लौटी

टीकमगढ़ के चंदेरा थाना क्षेत्र के विजरौठा गांव में बारात धूमधाम से लड़की पक्ष के घर पहुंची. टीका की रस्म निभाई जा रही थी, तभी अचानक ऐसा मोड़ आया कि दुल्हन और उसके परिजनों के अरमान टूट गए. कन्या पक्ष ने आरोप लगाया कि मनमाफिक दहेज देने के बाद भी वर पक्ष की ओर से ज्यादा डिमांड की गई. इसके बाद वर पक्ष ने शादी करने से इंकार कर दिया और बारात वापस लौट गई. कन्या के पिता ने वरपक्ष पर दो लाख रुपए और बुलेट मांगने के आरोप लगाए. पीड़ित पिता शहदात ने बताया “उनकी लड़की की शादी टीकमगढ़ के बावरी निवासी शौकत खान के बेटे सरताज खान के साथ तय हुयी थी. फलदान में मोटरसाइकिल और सोने की चेन अंगूठी भी दी थी. बारात का हम लोगों ने धूमधाम से स्वागत किया. फिर उन्होंने कहा कि हमें दो लाख और बुलेट चाहिए, तभी हम शादी करेंगे. जब हमने नहीं दिये तो शादी करने से इंकार करके बारात वापस ले गये.”

पीड़ित पिता का कहना है “इसकी शिकायत करने चंदेरा थाना गये थे लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई.” दुल्हन का कहना है “मेरे पिता ने हैसियत से ज्यादा वर पक्ष को दहेज दिया लेकिन वह और दहेज की मांग कर रहे थे और जब हम लोगों ने उनकी डिमांड पूरी नहीं की तो दूल्हा मंडप छोड़कर भाग गया और बरात लौट गयी.”

वर पक्ष ने कन्या पक्ष पर दूल्हे और बरातियों से मारपीट करने के आरोप लगाये हैं. दूल्हे के भाई सरताज ने बताया “किसी बाराती का लड़की से विवाद हुआ था, जिसमें लड़की पक्ष ने उसके और दूल्हे से मारपीट की. घटना के बाद से दूल्हे का कोई अता-पता नहीं है. लड़की पक्ष झूठा आरोप लगाकर वरपक्ष को फंसाने की कोशिश कर रहा है.” एसडीओपी अभिषेक गौतम ने बताया “पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. दोनों पक्षों को बुलाकर बात सुनी जायेगी. उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.”