CG : कवर्धा में शराब भट्टी के खिलाफ एबीवीपी का बड़ा प्रदर्शन, एनएच 30 पर चक्का जाम

कवर्धा जिले के पोंडी में शराब दुकान के खिलाफ अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में उग्र विरोध प्रदर्शन किया है. एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने शराब दुकान को पोंडी से हटाने की मांग की है. इस मांग को लेकर एबीवीपी ने रायपुर-जबलपुर नेशनल हाईवे को जाम कर दिया. एबीवीपी के प्रदर्शनकारियों का कहना है कि लंबे समय से शराब भट्टी को अन्य स्थान पर शिफ्ट करने की मांग की जा रही थी. प्रशासन की तरफ से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई. जिसके बाद इस मुद्दे पर मजबूरी में विरोध प्रदर्शन किया गया. प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं भी शामिल रहे. प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर बैठकर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और शराब भट्ठी को तत्काल हटाने की मांग की.

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि स्कूल और आबादी क्षेत्र के पास शराब दुकान संचालित होने से आसपास का माहौल लगातार खराब हो रहा है. इससे विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है. चक्का जाम के कारण नेशनल हाईवे-30 के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई. यात्री बसें, ट्रक और अन्य छोटे-बड़े वाहन घंटों तक जाम में फंसे रहे, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. सड़क पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया और कई लोग वैकल्पिक मार्ग तलाशते नजर आए. धरना-प्रदर्शन के कारण हुए चक्काजाम में डिप्टी सीएम विजय शर्मा का काफी भी फंस गया. जाम इतना तगड़ा था कि लोग अपने वाहनों से कहीं भी नहीं जा पा रहे थे. जाम बढ़ता देख मौके पर कवर्धा पुलिस के आला अधिकारी पहुंचे. उन्होंने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया जिसके बाद हालात सामान्य हो सकी. प्रदर्शन स्थल पर पुलिस बल को तैनात किया गया है जिससे किसी भी मुश्किल स्थिति से निपटा जा सके.