जम्मू-कश्मीर में 28 दिनों में 733 ड्रग तस्कर गिरफ्तार, 47 के घर पर बुलडोजर चला
जम्मू और कश्मीर में पिछले 28 दिनों में ड्रग तस्करी नेटवर्क से जुड़े 733 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान आरोपी ड्रग पेडलर्स के 47 घरों पर बुलडोजर चलाया गया। अपराधियों की आवाजाही रोकने के लिए 373 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए गए और नियमों का उल्लंघन करने पर 114 केमिस्ट दुकानों के लाइसेंस भी सस्पेंड कर दिए गए हैं। दरअसल, एलजी मनोज सिन्हा ने जम्मू-कश्मीर में ड्रग तस्करी खत्म करने के लिए 100 दिनों का अभियान शुरू किया था।
तस्करों से जुड़े 180 आधार कार्ड डिएक्टिवेट (निष्क्रिय) कर दिए गए। इसके साथ ही सरकार ने आम जनता से अपील की है कि वे नशीली दवाओं से जुड़ी किसी भी गतिविधि की जानकारी सामने आकर दें।
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने ड्रग्स तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चंडीगढ़ में करीब 93 लाख रुपए की संपत्ति अटैच की है। यह कार्रवाई NDPS एक्ट के तहत जम्मू के बाग-ए-बाहु थाना में दर्ज एक मामले से जुड़ी है।
पुलिस के मुताबिक यह मामला 14 जनवरी 2026 का है। उस दिन जम्मू के नरवाल स्थित राजीव नगर निवासी अरुण सिंह को नाका चेकिंग के दौरान गिरफ्तार किया गया था। उसके कब्जे से 5.61 ग्राम हेरोइन बरामद हुई थी। इसके बाद NDPS एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई।
