ऋषभ पंत पर लगा ₹12 लाख का जुर्माना, स्लो ओवर रेट के कारण IPL की कार्रवाई
लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के कप्तान ऋषभ पंत पर IPL गवर्निंग काउंसिल ने 12 लाख रुपए का जुर्माना लगाया है। यह कार्रवाई शुक्रवार को चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ मैच में स्लो ओवर रेट के कारण की गई। मुकाबला लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया था। ऋषभ पंत की कप्तानी वाली टीम की इस सीजन में यह पहली गलती थी, इसलिए IPL नियमों के तहत उन पर केवल आर्थिक जुर्माना लगाया गया। ओवर-रेट से जुड़े आर्टिकल 2.22 के अनुसार किसी टीम को तय समय में अपने 20 ओवर डालने होते हैं। ऐसा नहीं होने पर IPL गवर्निंग काउंसिल दोषी पाए जाने पर कप्तान पर 12 लाख रुपए का जुर्माना लगाया जाता है। IPL नियमों के मुताबिक, अगर लखनऊ की टीम इस सीजन में दोबारा स्लो ओवर रेट की गलती करती है, तो कप्तान ऋषभ पंत पर जुर्माना बढ़कर 24 लाख रुपए हो जाएगा।
प्लेइंग इलेवन के बाकी खिलाड़ियों पर भी मैच फीस का 25% या 6 लाख रुपए (जो भी कम हो) का जुर्माना लगाया जाएगा। अगर तीसरी बार भी यही गलती होती है, तो कप्तान पर ₹30 लाख का जुर्माना और एक मैच का बैन लग सकता है।
जुर्माने से अलग, इस मुकाबले के नतीजे ने IPL 2026 की पॉइंट्स टेबल को दिलचस्प बना दिया है। लखनऊ सुपर जायंट्स ने अपने होम ग्राउंड इकाना स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स को हराया। इस हार से चेन्नई की प्लेऑफ में सीधे पहुंचने की राह मुश्किल हो गई है। लखनऊ की टीम पहले ही प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी है, लेकिन उसने चेन्नई का गणित बिगाड़ दिया है।
