CG : रायगढ़ में सड़क पर उतरा अधिवक्ता संघ, महिला वकील की जंगल में मिली थी निर्वस्त्र लाश
छत्तीसगढ़ : रायगढ़ जिले में मंगलवार शाम एक युवती की निर्वस्त्र लाश मिली थी। मृतका की शिनाख्त होने के बाद आज अधिवक्ता संघ ने पैदल मार्च किया। उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। यह घटना पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के ग्राम तुमीडीह के जंगल में हुई थी। मृतका के शरीर पर धारदार चाकू के निशान थे। अज्ञात आरोपियों ने पत्थर से चेहरा कुचलकर पहचान छिपाने का प्रयास किया था। अधिवक्ता संघ ने ज्ञापन में बताया कि मृतका अराधना सिदार उनकी नियमित अधिवक्ता थी। संघ ने घटना की सूक्ष्मता से जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष ने पुलिस अधीक्षक से मिलकर निष्पक्ष जांच की मांग की। पुलिस अधीक्षक ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है। मृतका ने जनवरी में ही जिला अधिवक्ता संघ की सदस्यता ग्रहण की थी। अधिवक्ता संघ ने निर्णय लिया है कि इस मामले के अपराधी की पैरवी कोई अधिवक्ता नहीं करेगा। मृतका की बहन ने बताया कि अराधना का मोबाइल फोन बंद था। 13 मई की दोपहर उसका फोन चालू हुआ था। फोन किसी और लड़की ने उठाया और बहाने बनाए। उस लड़की ने अराधना की आवाज में बात करने की कोशिश की थी। परिजनों ने आवाज पहचान ली थी।
मृतका की बहन ने पुलिस की धीमी जांच पर चिंता जताई है। वे जल्द आरोपी को पकड़कर कड़ी सजा दिलाना चाहते हैं। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि अधिवक्ता संघ के पदाधिकारी बड़ी संख्या में पहुंचे थे। उन्होंने हत्याकांड में आरोपी को कड़ी सजा दिलाने की मांग की है। पुलिस गंभीरता से काम कर रही है और जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
