मथुरा में टीचर ने छात्र को प्लास्टिक के पाइप से पीटा, धूप में मुर्गा बनाया, परिजनों ने की शिकायत

मथुरा जनपद के गोवर्धन में एक स्कूल शिक्षक पर छात्र के साथ अमानवीय व्यवहार का आरोप लगा है। श्री बृजधाम पब्लिक स्कूल के एक शिक्षक ने कथित तौर पर तीसरी कक्षा के छात्र को होमवर्क के नाम पर नंगा कर धूप में मुर्गा बनाया और प्लास्टिक के पाइप से पीटा। पीड़ित छात्र के पिता ने जिला शिक्षा अधिकारी से स्कूल की मान्यता रद्द करने और आरोपी शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। सकरवा रोड निवासी नीरज ने जिला शिक्षा अधिकारी को दी शिकायत में बताया कि उनका पुत्र विवेक कुमार, जो इसी स्कूल में कक्षा-3 का छात्र है, शुक्रवार (15 मई 2026) को स्कूल गया था। आरोप है कि विद्यालय के शिक्षक सुरेंद्र ने किसी बात को लेकर विवेक से पूछताछ की। जवाब से संतुष्ट न होने पर शिक्षक ने छात्र के साथ मारपीट की।

शिकायतकर्ता के अनुसार, शिक्षक सुरेंद्र ने मासूम विवेक को पहले कड़ी धूप में खड़ा किया। इसके बाद छात्र के कपड़े उतरवाकर उसे नंगा कर दिया और धूप में ही मुर्गा बनाया। शिक्षक ने छात्र को उसी अवस्था में फील्ड में चलने को मजबूर किया। जब बच्चा दर्द से रुकता, तो शिक्षक उसे प्लास्टिक की पाइप से पीटता था। पीड़ित पिता का आरोप है कि शिक्षक मारते हुए पूछ रहा था कि “कितनी जोर से लग रही है?”

शिकायत पत्र में यह भी उल्लेख है कि उसी शिक्षक ने नीरज के भाई दीपक के पुत्र दीपांशु के साथ भी मारपीट की है। इस घटना के बाद से दोनों बच्चे और उनके परिवार सदमे में हैं। पीड़ित पिता ने जिला शिक्षा अधिकारी से मांग की है कि आरोपी शिक्षक सुरेंद्र के खिलाफ शिक्षा विभाग के नियमों के तहत सख्त कानूनी कार्यवाही की जाए। साथ ही, श्री बृजधाम पब्लिक स्कूल की मान्यता तत्काल प्रभाव से समाप्त की जाए, क्योंकि यहां बच्चों के साथ अमानवीय व्यवहार किया जा रहा है।