भोपाल: रिटायर्ड जज और वकील बेटे पर ‘दहेज हत्या’ का केस, बहू की मौत के बाद पुलिस का बड़ा एक्शन
भोपाल के कटारा हिल्स थाना इलाके में नवविवाहिता ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने उनके ससुराल पक्ष के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस ने मृतका के पति और सास (रिटायर्ड जज) के खिलाफ दहेज मृत्यु और दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज किया है. 31 साल की ट्विशा शर्मा मंगलवार रात कटारा हिल्स स्थित अपने ससुराल में फंदे से लटकी पाई गई थीं. ट्विशा के पति समर्थ सिंह (वकील) और उनकी मां गिरिबाला सिंह (रिटायर्ड जज) उन्हें तुरंत अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. अस्पताल प्रबंधन ने रात 11 बजे पुलिस को इसकी सूचना दी. पुलिस जांच में सामने आया कि ट्विशा और समर्थ की मुलाकात 2024 में एक डेटिंग ऐप के जरिए हुई थी, जिसके बाद दिसंबर 2025 में उन्होंने प्रेम विवाह किया था.
नोएडा के रहने वाले ट्विशा के मायके पक्ष ने इस मामले को सोची-समझी हत्या करार दिया है. परिजनों का दावा है कि मौत से महज एक घंटा पहले (रात 10 बजे) उनकी ट्विशा से फोन पर बात हुई थी. ट्विशा ने अपने परिवार को बताया था कि वह प्रताड़ना से तंग आ चुकी है और भोपाल छोड़कर वापस नोएडा आना चाहती है.
ट्विशा के भाई, जो सेना में मेजर हैं, ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है.
कटारा हिल्स थाना प्रभारी सुनील कुमार दुबे और अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर गौतम सोलंकी ने पुष्टि की है कि मामले में FIR दर्ज कर ली गई है. आरोपियों के खिलाफ दहेज मृत्यु और उत्पीड़न से संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही उन्हें हिरासत में लिया जाएगा.
