EPFO न्‍यू फीचर, अब व्‍हाट्सऐप पर मिलेंगे PF बैलेंस समेत ये अपडेट

कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के सदस्य जल्द ही व्हाट्सएप का उपयोग करके ट्रांजैक्‍शन की जानकारी ले सकेंगे. साथ ही PF बैलेंस की जानकारी और अन्‍य सर्विसेज का लाभ भी व्‍हाट्सऐप के जरिए उठा सकते हैं. EPFO अपने सदस्‍यों तक पहुंच बढ़ाने और उन्‍हें सर्विसेज देने के लिए जल्‍द ही इस मैसेजिंग प्‍लेटफॉर्म का उपयोग करने की योजना बना रहा है. इस पहल का उद्देश्य कस्‍टमर्स को PF बैलेंस, पिछले पांच लेनदेन और क्लेम स्टेटस जैसी आवश्यक सेवाओं तक तुरंत पहुंच पेश करना है. इसके अलावा, प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के तहत पात्र सदस्य जैसे कि UIDAI की फेस ऑथेंटिकेशन टेक्नोलॉजी (FAT) का उपयोग करने के लिए आधार प्रमाणीकरण पूरा न होना या उनके आधार से जुड़े बैंक खाते के लिए डीबीटी सक्षम न होना, वे भी व्हाट्सएप के माध्यम से सहायता सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे.

अगर आप व्हाट्सएप पर सेवाओं का लाभ उठाना चाहते हैं, तो EPFO के रजिस्‍टर्ड व्‍हाट्सऐप नंबर पर ‘Hello’ टाइप करना होगा. रजिस्‍टर्ड मोबाइल नंबर पर EPFO के मैसेज पाने का विकल्‍प भी चुन सकते हैं.

आपके मैसेज करने के बाद रिटायरमेंट फंड मैनेजर यह वेरिफाई करेगा कि मैसेज यूनिवर्सल अकाउंट नंबर (UAN) से जुड़े रजिस्‍टर्ड मैसेज के मोबाइल नंबर से आया है या नहीं. अगर मैसेज वेरिफाई हो जाता है, तो सदस्य को स्थानीय भाषा में सरल मेनू विकल्प दिखाई देंगे, और सदस्य विकल्प का चयन कर सकता है, विवरण जमा कर सकता है या सरल सवाालों के जवाब पर क्लिक कर सकता है. अब ईपीएफओ की ओर से मैसेज पर कार्रवाई की जाएगी और AI चैटबॉट द्वारा सीधे या ईपीएफओ डेटाबेस में खोज करके जवाब दिया जाएगा. इससे विश्लेषण और रिपोर्टिंग में भी सुधार होने की उम्मीद है, क्योंकि हर बातचीत पर नजर रखी जाएगी, जिससे EPFO को सदस्य की संतुष्टि का आकलन करने में मदद मिलेगी.

व्‍हाट्सऐप पर EPFO की कौन-कौन सी जानकारियां ले सकेंगे?

जब व्‍हाट्सऐप पर ईपीएफओ की सेवाएं रोलआउट हो जाएंगी तो सदस्‍य पीएफ बैलेंस की जानकारी ले सकते हैं.
पिछले 5 ट्रांजैक्‍शन को चेक कर सकते हैं.
ईपीएफओ के तहत क्‍लेम स्‍टेटस भी चेक किया जा सकता है.
हालांकि, अभी तक ये सभी जानकारियां चेक करने के लिए वेबसाइट या अलग-अलग माध्‍यमों की मदद लेनी पड़ती है, लेकिन अब इस नई सर्विस के आने से चीजें आसान हो सकती हैं.

यह कदम ईपीएफ कस्‍टमर्स के लिए भी काफी उपयोगी साबित होने की उम्मीद है, क्योंकि अधिकांश मोबाइल यूजर्स पहले से ही मैसेज भेजने के लिए व्हाट्सएप का उपयोग करते हैं. इसके अलावा, सभी कम्‍यूनिकेशन स्थानीय या क्षेत्रीय भाषा में होगा, जिससे सदस्य को अपनी भाषा में ईपीएफओ से जुड़ने में अधिक सुविधा मिलेगी. ये सेवाएं 24/7 उपलब्ध रहेंगी.