चंडीगढ़ के स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, CM ऑफिस और रेल ट्रैक भी निशाने पर

चंडीगढ़ के स्कूलों को अज्ञात हमलावरों ने 21 मई 2026 को ईमेल भेजकर बम धमाकों की धमकी दी है. इस धमकी में स्कूलों के साथ हरियाणा के मुख्यमंत्री कार्यालय और अंबाला से दिल्ली के बीच रेल ट्रैक को भी निशाना बनाने की बात कही गई है. इस ईमेल के सामने आते ही स्कूलों में अफरा-तफरी मच गई और प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है. इस धमकी के पीछे खालिस्तान समर्थक संगठन का नाम लिया गया है और 6 जून 2026 तक धमाकों की चेतावनी दी गई है. सुरक्षा एजेंसियां इस मेल की जांच कर रही हैं.

धमकी मिलने के तुरंत बाद चंडीगढ़ प्रशासन ने स्कूलों और अन्य चिह्नित स्थानों पर सुरक्षा कड़ी कर दी है. दमकल विभाग और पुलिस की टीमें पूरी तरह मुस्तैद हैं. स्कूलों के बाहर एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तैनात की गई हैं, जिससे किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके.

स्कूल मैनेजमेंट और अभिभावक छात्रों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं. पुलिस ने ईमेल भेजने वाले के आईपी एड्रेस और सोर्स का पता लगाने के लिए साइबर सेल की मदद लेनी शुरू कर दी है. शहर में सुरक्षा घेरा बढ़ा दिया गया है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है.