कोलकाता की IPL 2026 में लगातार दूसरी जीत, मुंबई को 4 विकेट से हराया

कोलकाता नाइट राइडर्स ने IPL 2026 में लगातार दूसरी जीत दर्ज की। टीम ने मुंबई इंडियंस को 4 विकेट से हराया। इस जीत के साथ कोलकाता की प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें बनी हुई हैं। टीम 13 मैचों में 6 जीत, 6 हार और एक बेनतीजा मैच के साथ 13 पॉइंट्स लेकर छठे स्थान पर पहुंच गई है। बुधवार को ईडन गार्डन्स में कोलकाता ने टॉस जीतकर बॉलिंग चुनी। बारिश के कारण मैच में एक घंटे की देरी हुई। मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट पर 147 रन बनाए। कॉर्बिन बॉश ने 18 गेंदों पर नाबाद 32 रन बनाए। कप्तान हार्दिक पंड्या ने 26 रन का योगदान दिया।

कोलकाता की ओर से कैमरन ग्रीन, सौरभ दुबे और कार्तिक त्यागी ने 2-2 विकेट लिए। सुनील नरेन को एक सफलता मिली। 148 रन के जवाब में कोलकाता ने 18.5 ओवर में 6 विकेट खोकर टारगेट हासिल कर लिया। टीम ने 54 रन पर 3 विकेट गंवा दिए थे। यहां से मनीष पांडे और रोवमन पॉवेल ने 47 गेंदों पर 64 रन की साझेदारी कर मैच कोलकाता की ओर मोड़ दिया। मनीष ने 45 रन बनाए और 6 चौके लगाए। पॉवेल ने 40 रन की पारी में 4 चौके और 2 सिक्स लगाए।