हीटवेव का असर- 35 शहरों में रात का पारा 30°C, राजस्थान के हनुमानगढ़ में सबसे ज्यादा 33.7°C

देश में जारी गर्मी से फिलहाल राहत के आसार नहीं हैं, इस बार सबसे बड़ा खतरा ये है कि दिन की हीटवेव के बाद रातें भी गर्म बनी हुई हैं। देश के 35 शहरों में गुरुवार को रात का पारा 30°C से ऊपर रहा। सबसे ज्यादा 33.7°C तापमान राजस्थान के हनुमानगढ़ में रहा। देश का आधा से ज्यादा हिस्सा गर्मी से तप रहा है। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान सहित 10 राज्यों के 24 शहरों में गुरुवार को पारा 45°C के ज्यादा रहा। UP का बांदा 47.6°C के साथ लगातार 5वें दिन देश का सबसे गर्म शहर रहा। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में 47°C तापमान रहा। UP में अगले 3 दिन हीटवेव का रेड अलर्ट है। बिहार के पटना और गयाजी में गर्मी के कारण 22 से 26 मई तक 5वीं तक के स्कूल बंद किए गए हैं। वहीं, राज्य के मधेपुरा और सहरसा में गुरुवार को बारिश हुई, इस दौरान बिजली गिरने से 3 लोगों की मौत हो गई।