गुजरात का क्वालिफायर-1 खेलना पक्का, चेन्नई प्लेऑफ से बाहर होने वाली तीसरी टीम
गुजरात टाइटंस ने गुरुवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स को 89 रन से हरा दिया। इसके साथ ही चेन्नई प्लेऑफ की रेस से बाहर होने वाली तीसरी टीम बन गई है। उसके 14 मैच में 6 जीत के साथ 12 पॉइंट्स ही हुए। वहीं, गुजरात ने पहला प्लेऑफ यानी क्वालिफायर-1 खेलना पक्का कर लिया है। गुजरात के 14 मैचों में 18 पॉइंट्स हो गए हैं। इससे यह तय हो गया कि गुजरात टॉप-2 से नीचे नहीं आएगी। आज बेंगलुरु का सामना हैदराबाद से होगा। अगर बेंगलुरु जीतती है तो वह क्वालिफायर-1 में गुजरात से खेलेगी। अगर हैदराबाद बहुत बड़े अंतर से जीतती है तो बेहतर नेट रन रेट के आधार पर टॉप-2 में आ सकती है। दोनों ही स्थिति में गुजरात का टॉप-2 में रहना पक्का है।
यहां से ऐसा नहीं हो सकता है कि दो टीमों के गुजरात से ज्यादा पॉइंट हो जाएं। अगर हैदराबाद जीतती भी तो तीन टीमों—गुजरात, बेंगलुरु और हैदराबाद के 18-18 पॉइंट्स होंगे। इस स्थिति में बेंगलुरु और हैदराबाद में से किसी एक का नेट रन रेट हैदराबाद से कम जरूर होगा। क्योंकि, आज के एक का नेट रन रेट बढ़ेगा तो दूसरे का गिरेगा।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु 18 पॉइंट्स और +1.065 नेट रनरेट के साथ पहले स्थान पर बनी हुई है। टीम पहले ही प्लेऑफ में पहुंच चुकी है। ज्यादा उम्मीद है कि टीम क्वालिफायर-1 में गुजरात से खेलेगी। दूसरी ओर अगर हैदराबाद 88 रनों से जीत हासिल कर लेती है तो वह टॉप पहुंच जाएगी और बेंगलुरु तीसरे स्थान पर फिसल जाएगी। वहीं, अगर हैदराबाद बाद में बैटिंग करती है तो उसे 150 के आस-पास का टारगेट करीब 11 ओवर में टारगेट चेज करना होगा।
पंजाब किंग्स (13 अंक) और कोलकाता नाइट राइडर्स (13 अंक) के साथ पांचवें और छठे स्थान पर मौजूद हैं। चेन्नई के बाहर होने से इन दोनों टीमों की प्लेऑफ की रेस और दिलचस्प हो गई है। दोनों टीमों को अपने आखिरी मैचों में न सिर्फ जीत दर्ज करनी होगी, बल्कि राजस्थान रॉयल्स की हार की दुआ भी करनी होगी।
राजस्थान 13 मैचों में 14 अंकों के साथ चौथे स्थान पर है। उसके लिए प्लेऑफ का समीकरण सीधा है। उसे 24 मई को होने वाले अपने आखिरी लीग मैच में जीत दर्ज करनी है। मुंबई इंडियंस के खिलाफ जीत उसे सीधे प्लेऑफ में पहुंचा देगी।
दिल्ली कैपिटल्स 13 मैच में 12 पॉइंट्स के साथ सातवें स्थान पर है। टीम का नेट रनरेट (-0.871) काफी खराब है। दिल्ली को कोलकाता के खिलाफ जीत के साथ राजस्थान, पंजाब की बहुत बड़ी हार की उम्मीद करनी होगी।
मुंबई इंडियंस, चेन्नई सुपर किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है। चेन्नई अपने सभी 14 मैच खेल चुकी है। मुंबई और लखनऊ के 13-13 मैच में बराबर 8 अंक है। मुंबई पॉइंट्स टेबल में नौवें, जबकि लखनऊ सबसे नीचे 10वें स्थान पर है। मुंबई 24 मई को राजस्थान से अपना आखिरी लीग मैच खेलेगी, जबकि लखनऊ 23 मई को पंजाब के खिलाफ खेलेगी।
