दुनिया के 100 सबसे गर्म शहरों में रायपुर- बिलासपुर समेत प्रदेश के पांच शहर शामिल
देश के साथ छत्तीसगढ़ में ग्रीष्मलहर ने लोगों को बेदम कर दिया है। आसमान से आग बरस रही है। तकरीबन सभी शहर भीषण लू की चपेट में हैं। गुरुवार को यहां कई शहरों में पारा 44 डिग्री से ऊपर रहा। रायपुर के माना में तो सर्वाधिक 45 डिग्री तापमान दर्ज हुआ।इस बार भीषण गर्मी में रिकार्डतोड़ खासियत यह रही है कि दुनिया के 100 तपते शहरों में छत्तीसगढ़ के रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर समेत पांच शहर शामिल हैं। एक्यूआई डॉट इन की लाइव ग्लोबल टेम्परेचर रैंकिंग के अनुसार, दुनिया के 100 सबसे गर्म शहरों में तकरीबन सभी भारत के हैं। यह स्थिति देश में बढ़ती गर्मी और जलवायु परिवर्तन के प्रभाव को स्पष्ट रूप से दर्शाती है। रैंकिंग के मुताबिक, शीर्ष 17 शहरों में तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया। वहीं शीर्ष 32 शहरों में पारा 46 डिग्री तक पहुंचा। इसके अलावा 45 शहरों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया। सूची में 100वें स्थान तक के शहरों में भी तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के करीब बना हुआ है। जिन शहरों के नाम सूची में हैं, उनमें से अधिकतर में 25 मई तक तपिश भरी गर्मी और लू से राहत के आसार नहीं हैं।
इन सूची में सर्वाधिक 40 शहर उत्तरप्रदेश के हैं। उत्तर प्रदेश इस समय भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। बुंदेलखंड से लेकर पूर्वांचल और मध्य व पश्चिमी यूपी तक आसमान से आग बरस रही है। बांदा जलिा लगातार चौथे दिन दुनिया का सबसे गर्म शहर बना। वहीं, टॉप 100 गर्म शहरों की लिस्ट में अकेले 40 शहर यूपी के हैं। एक दर्जन से अधिक जिलों में दिन का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस पार कर चुका है। यहां 11 जिलों में शुक्रवार के लिए लू का रेड अलर्ट जारी किया गया है।
सूची में जगह बनाने के बीच गुरुवार को प्रदेश में सर्वाधिक गर्म राजधानी रायपुर का माना क्षेत्र रहा। यहां तापमान 45 डिग्री दर्ज किया गया है। यह सामान्य से 3.7 डिग्री अधिक है। जबकि रायपुर शहर का अधिकतम तापमान सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक 44.1 डिग्री रहा। न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.4 डिग्री अधिक 29.9 डिग्री रहा। मौसम विभाग ने आने वाले पांच दिनों के लिए छत्तीसगढ़ में लू का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान प्रदेश के एक-दो पैकेट में ग्रीष्म लहर चलने की आशंका प्रकट की गई है। अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान में 4 डिग्री की वृद्धि भी संभावित है। इसके बाद ही थोड़ी राहत लोगों को मिल सकेगी। प्रदेश में मौसम शुष्क ही रहेगा। बदली-बारिश सहित किसी भी तरह की राहत की उम्मीद फिलहाल नहीं है।
सूची के शीर्ष 17 शहरों में तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक
गुरुवार को छत्तीसगढ़ के सर्वाधिक गर्म शहर
माना – 45 डिग्री (सामान्य से 3.7 डिग्री अधिक)
बिलासपुर- 44.6 डिग्री (सामान्य से 0.8 डिग्री अधिक)
दुर्ग- 44.2 डिग्री (सामान्य से 0.8 डिग्री अधिक)
राजनांदगांव- 44.2 डिग्री (सामान्य से 0.8 डिग्री अधिक
