बेटे की शादी में गया तो मारा जाऊंगा, नहीं गया तो भी मारा जाऊंगा! ट्रंप ने अचानक क्यों दिया ऐसा बयान?

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान के साथ बढ़ते तनाव और जारी युद्ध जैसे हालात के कारण वह शायद अपने बड़े बेटे की शादी में शामिल न हो पाएं. ट्रंप ने माना कि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों में उनके लिए यह फैसला बेहद मुश्किल हो गया है. व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा कि वह अपने बेटे की शादी में जाने की कोशिश करेंगे, लेकिन अभी यह तय नहीं है कि वह कार्यक्रम में शामिल हो पाएंगे या नहीं.ट्रंप ने कहा कि उनके बेटे डोनाल्ड ट्रंप जूनियर (Donald Trump Jr.) चाहते हैं कि वह शादी में मौजूद रहें. हालांकि, मौजूदा हालात को देखते हुए वह खुद इसको लेकर असमंजस में हैं.
उन्होंने कहा कि यह एक छोटा निजी कार्यक्रम होगा और मैं इसमें शामिल होने की कोशिश करूंगा. लेकिन मैंने कहा कि मेरे लिए यह सही समय नहीं है. मेरे सामने ईरान और कई दूसरी चुनौतियां हैं. अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 48 वर्षीय डोनाल्ड ट्रंप जूनियर इस सप्ताह बहामास में बेटिना एंडरसन से शादी करने वाले हैं. यह उनकी दूसरी शादी होगी.

ट्रंप ने स्वीकार किया कि वह इस बात को लेकर भी सोच रहे हैं कि ईरान संकट के बीच शादी में शामिल होने पर जनता और मीडिया की क्या प्रतिक्रिया होगी. उन्होंने कहा कि यह ऐसी स्थिति है जिसमें मैं जीत नहीं सकता. अगर मैं शादी में जाता हूं तो मेरी आलोचना होगी और अगर नहीं जाता हूं, तो फेक न्यूज वाले फिर भी मेरी आलोचना करेंगे. ट्रंप के इस बयान को ऐसे समय में अहम माना जा रहा है जब अमेरिका और ईरान के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है. दोनों देशों के बीच परमाणु मुद्दे और क्षेत्रीय सुरक्षा को लेकर बातचीत जारी है, लेकिन हालात अब भी बेहद संवेदनशील बने हुए हैं.

ईरान के साथ बढ़ते तनाव का असर अमेरिकी राजनीति पर भी दिखाई देने लगा है. अमेरिका में आगामी मध्यावधि चुनावों से पहले ट्रंप प्रशासन पर विदेश नीति को लेकर दबाव बढ़ रहा है. ऐसे में राष्ट्रपति का निजी और राजनीतिक संतुलन बनाए रखना चुनौती बन गया है. हालांकि तमाम अनिश्चितताओं के बीच ट्रंप ने अपने बेटे के लिए भावुक संदेश भी दिया. उन्होंने कहा कि उम्मीद है कि उनकी शादीशुदा जिंदगी बेहद शानदार रहेगी.