टीएस सिंहदेव को बैज की नसीहत, कहा-बाबा साहब दिल्ली में करें काम, यहां युवाओं को काम करने दें
छत्तीसगढ़ कांग्रेस में संगठन और नेतृत्व को लेकर चर्चाओं के बीच प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव को लेकर बड़ा बयान दिया है। दीपक बैज ने कहा कि टीएस सिंहदेव बड़े नेता हैं और उन्हें दिल्ली में जाकर काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सिंहदेव कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति के सदस्य रह चुके हैं और तमिलनाडु और पुडुचेरी जैसे राज्यों के प्रभारी की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं। बैज ने कहा कि पार्टी जहां भी जिम्मेदारी देती है, सिंहदेव वहां जाकर काम करते हैं। ऐसे में उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि छत्तीसगढ़ में युवा नेता काम कर रहे हैं और युवाओं को मौका मिलना चाहिए। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी सभी नेताओं को साथ लेकर बेहतर तरीके से काम कर रही है। दीपक बैज के इस बयान को कांग्रेस संगठन और नेतृत्व में चल रही अंदरूनी चर्चाओं से जोड़कर देखा जा रहा है। दरअसल, हाल ही में दैनिक भास्कर को दिए इंटरव्यू में टीएस सिंहदेव ने कहा था कि अगर पार्टी उन्हें प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी देती है तो वह उसे जरूर निभाएंगे। इसके बाद से कांग्रेस संगठन में नेतृत्व को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
