IPL में आज हैदराबाद vs बेंगलुरु, RCB जीती तो नंबर वन पोजीशन पक्की

IPL 2026 में शुक्रवार को डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की टीमें आमने-सामने होंगी। मैच हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में शाम 7.30 बजे से खेला जाएगा। दोनों टीमों की नजरें पॉइंट्स टेबल में टॉप-2 में फिनिश करने पर होंगी। RCB फिलहाल 18 पॉइंट्स और +1.065 के सबसे बेहतर नेट रन रेट (NRR) के साथ टॉप पर है। शुक्रवार को जीत मिलने पर बेंगलुरु की नंबर-1 पोजीशन पक्की हो जाएगी और उसे फाइनल में पहुंचने के दो मौके मिलेंगे। सनराइजर्स हैदराबाद 13 मैचों में 16 पॉइंट्स के साथ तीसरे स्थान पर है। उसके पॉइंट्स गुजरात टाइटंस के बराबर हैं, लेकिन कम नेट रन रेट के कारण वह पीछे है। हैदराबाद का नेट रन रेट +0.350 और गुजरात का +0.400 है। टॉप-2 में पहुंचने के लिए हैदराबाद को RCB को बड़े अंतर से हराना होगा।

IPL में दोनों टीमें 26 बार भिड़ चुकी हैं। SRH ने 13 और RCB ने 12 मैच जीते हैं। एक मैच टाई रहा। इस सीजन दोनों टीमें दूसरी बार भिड़ेंगी। 28 मार्च को बेंगलुरु में खेले गए मैच में RCB ने SRH को 6 विकेट से हराया था। इस मैच में RCB का पलड़ा थोड़ा भारी माना जा रहा है, क्योंकि सनराइजर्स हैदराबाद इस सीजन में उतार-चढ़ाव से गुजरी है। टीम ने लगातार पांच मैच जीतकर शानदार लय पकड़ी थी, लेकिन पिछले चार मुकाबलों में से दो हारे हैं।