कॉकरोच जनता पार्टी के खिलाफ याचिका, जल्द सुनवाई की मांग, कोर्ट बोला- इतने भावुक न हों

सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) से जुड़े व्यक्तियों की गतिविधियों की CBI से जांच करवाने की मांग पर तुरंत सुनवाई करने से इनकार कर दिया। कॉकरोच जनता पार्टी एक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म है, जो भारत के चीफ जस्टिस सूर्यकांत की हालिया कॉकरोच टिप्पणी के बाद सामने आया। सोमवार दोपहर 12 बजे तक CJP के इंस्टाग्राम पर 2.29 करोड़ फॉलोअर्स हो गए हैं। कोर्ट में याचिकाकर्ता के वकील एनके गोस्वामी ने कहा कि CJP, ज्यूडीशियरी की छवि धूमिल कर रही है। इसके बाद CJI और जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वीएम पंचोली की बेंच ने कहा, ‘इसे इतनी भावुकता से मत लें।’

याचिका एडवोकेट राजा चौधरी ने दायर की है। उसने आंदोलन से जुड़े फर्जी अधिवक्ताओं और फर्जी कानून की डिग्रियों की जांच की भी मांग की है। इसके अलावा, उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में हाल की कार्यवाही के दौरान दिए गए मौखिक अदालती बयानों के कमर्शियलाइजेशन किए जाने के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की है।
इस पर CJI ने जवाब दिया कि अभी ऐसी कोई गंभीर आपात स्थिति नहीं है। देखते हैं क्या होता है।

वहीं महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर स्थित CJP फाउंडर अभिजीत दीपके के घर पर 24 घंटे पुलिस की तैनाती की गई है। डीसीपी पंकज अतुलकर ने बताया कि यह तैनाती ऐहतियातन की गई है।

उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर CJP का मुद्दा ट्रेंड कर रहा है, इसलिए उनके घर के बाहर भीड़ न जुटे, इसे देखते हुए यह कदम उठाया गया। हालांकि, उन्होंने किसी तरह की आधिकारिक धमकी मिलने से इनकार किया।

CJP का X अकाउंट ब्लॉक कर दिया गया था। जब पुराना अकाउंट बंद हुआ, तब 1.93 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स थे। संगठन ने कुछ देर बाद नया अकाउंट बनाया। इसका नाम ‘कॉकरोच इज बैक’ रखा गया और बायो में लिखा- कॉकरोच डोंट डाय यानी कॉकरोच मरते नहीं। 25 मई दोपहर 1.30 बजे तक नए X अकाउंट पर 2.27 लाख फॉलोअर्स हैं। CJP के इंस्टाग्राम और X पर ही अकाउंट हैं।

अभिजीत ने 24 मई को बताया था कि उनकी पार्टी की वेबसाइट बंद कर दी गई है। दीपके ने दोपहर 1.14 बजे X पर कहा था- सरकार ने हमारी वेबसाइट बंद कर दी है। उस पर 10 लाख लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। 6 लाख लोगों ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग वाली याचिका पर साइन किए थे।

हालांकि यह वेबसाइट अभी बंद है। इसे खोलने पर ‘दिस साइट कान्ट बी रीच्ड’ का मैसेज फ्लैश हो रहा है।