आज से नौतपा शुरू, रायपुर में पारा 45°C पहुंचा, पूरे छत्तीसगढ़ में लू का असर, रात की हवा भी गर्म

नौतपा की शुरुआत के साथ ही छत्तीसगढ़ में गर्मी और ज्यादा बढ़ने वाली है। मौसम विभाग ने मध्य छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में अगले 4 दिनों तक हीटवेव चलने की संभावना जताई है। राजधानी रायपुर में पारा 45 डिग्री तक पहुंच गया है। यहां रात में हवा भी हल्की गर्म चल रही है। फिलहाल प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क है और तापमान में कोई बड़ी गिरावट नहीं हुई है। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश में अधिकतम तापमान में खास बदलाव नहीं हुआ। सबसे ज्यादा तापमान राजनांदगांव में 45.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

सोमवार (25 मई) से नौतपा की शुरुआत हो रही है। ज्योतिष और मौसम के लिहाज से यह साल का सबसे गर्म दौर माना जाता है। इस दौरान सूर्य की किरणें सीधे धरती पर पड़ती हैं, जिससे तापमान तेजी से बढ़ता है। मौसम विभाग के मुताबिक नौतपा के शुरुआती दिनों में छत्तीसगढ़ में तेज धूप और लू का असर बना रहेगा। खासकर रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, बलौदाबाजार, महासमुंद और आसपास के जिलों में दोपहर के समय गर्म हवाएं लोगों की परेशानी बढ़ा सकती हैं।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अगले 4 दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। इसके बाद तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। हालांकि फिलहाल प्रदेश में सूखा और गर्म मौसम बने रहने के संकेत हैं।

रायपुर शहर के लिए जारी लोकल फोरकास्ट में कहा गया है कि 25 मई को आसमान मुख्यतः साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 45 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाएं चल सकती हैं।