IPL से बाहर होने के बाद भावुक हुए 27 करोड़ी कप्तान ऋषभ पंत, इमोशनल स्पीच VIRAL

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का 19वां सीजन विकेटकीपर बैटर ऋषभ पंत के लिए भूल जाने वाला रहा. ऋषभ पंत ना तो बल्ले से चल पाए, ना उनकी कप्तानी सही रही. लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) की लगातार हार, खराब कप्तानी, फ्लॉप बल्लेबाजी और बढ़ते दबाव के बीच अब उनका एक भावुक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो ने फैन्स के बीच यह चर्चा और तेज कर दी है कि क्या पंत पर कप्तानी का दबाव अब साफ दिखाई देने लगा है. आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स 14 में सिर्फ 4 मुकाबले जीत सकी और पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे रही. पिछले सीजन सातवें स्थान पर रहने के बाद इस बार टीम का आखिरी पायदान पर पहुंचना फ्रेंचाइजी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है. पंत को लखनऊ सुपर जायंट्स ने 2025 के मेगा ऑक्शन के दौरान 27 करोड़ रुपये में खरीदा था, ऐसे में टीम को उनसे बड़ी उम्मीदें थीं. लेकिन वो उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके.

सीजन खत्म होने के बाद ऋषभ पंत ने फैन्स को संबोधित करते हुए कहा, ‘बहुत-बहुत धन्यवाद. यह सीजन हमारे लिए काफी मुश्किल रहा. हमने बहुत मेहनत की. हर परिस्थिति में टीम को सपोर्ट करने के लिए धन्यवाद. हम वापसी करेंगे. टीम पर भरोसा बनाए रखिए.’

ऋषभ पंत का यह वीडियो कुछ ही देर में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. कई फैन्स ने उनके चेहरे की मायूसी और आवाज में दबाव साफ महसूस किया. हो भी क्यों ना… इस सीजन ऋषभ पंत सिर्फ कप्तानी में ही नहीं, बल्लेबाजी में भी संघर्ष करते नजर आए.

कभी आईपीएल के सबसे खतरनाक बल्लेबाजों में गिने जाने वाले ऋषभ पंत का बल्ला पिछले दो सीजन से शांत नजर आ रहा है. एलएसजी के लिए खेलते हुए उनका स्ट्राइक रेट और रन दोनों में गिरावट आया है. इसी बीच एलएसजी के डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट टॉम मूडी ने भी खुलकर स्वीकार किया कि कप्तानी का दबाव पंत पर साफ नजर आया. पंजाब किंग्स के खिलाफ आखिरी मैच के बाद मूडी ने कहा था, ‘कप्तानी उनके लिए चुनौतीपूर्ण रही है और नतीजे भी यही दिखाते हैं. आपको यह भी देखना पड़ता है कि क्या कप्तानी का दबाव उनकी बल्लेबाजी पर असर डाल रहा है.’

ऋषभ पंत के लिए मुश्किलें सिर्फ आईपीएल तक सीमित नहीं रहीं. हाल ही में टीम इंडिया की टेस्ट उपकप्तानी उनसे लेकर केएल राहुल को सौंप दी गई, जबकि वनडे टीम में भी उन्हें जगह नहीं मिली. अब लगातार खराब प्रदर्शन के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या लखनऊ सुपर जायंट्स अगले सीजन में भी ऋषभ पंत को कप्तान बनाए रखेगी या फ्रेंचाइजी किसी नए चेहरे पर दांव लगाएगी. ऐसा प्रतीत होता है कि पंत के करियर का यह शायद सबसे कठिन दौर चल रहा है.