MP: इटारसी के सरकारी ट्रेनिंग कैंप में खाद्य विषाक्तता पर हंगामा, खाना खाते ही बिगड़ी 5 छात्रों की तबीयत
नर्मदापुरम के इटारसी में संचालित मध्य प्रदेश सरकार की शौर्य संकल्प प्रशिक्षण योजना में बड़ी लापरवाही सामने आई है। सेना, पुलिस, होमगार्ड और पैरामिलिट्री भर्ती की तैयारी कर रहे ओबीसी छात्र-छात्राओं के 45 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर में रविवार रात खाना खाने के बाद अचानक पांच छात्रों की तबीयत बिगड़ गई। छात्रों को तेज उल्टियां, पेट दर्द और डिहाइड्रेशन की शिकायत होने लगी, जिससे पूरे कैंप में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। छात्रों की हालत बिगड़ते ही कैंप प्रबंधन के हाथ-पांव फूल गए और सभी को तत्काल शासकीय डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के दौरान फूड पॉइजनिंग जैसे लक्षण मिलने की पुष्टि की। चार छात्रों की हालत में सुधार होने पर उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, जबकि एक छात्र की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे भर्ती कर इलाज जारी रखा गया है। जानकारी के मुताबिक, इटारसी के शासकीय महात्मा गांधी महाविद्यालय परिसर में पिछड़ा वर्ग के युवाओं के लिए यह विशेष प्रशिक्षण शिविर संचालित किया जा रहा है। यहां युवाओं को सेना, पुलिस, होमगार्ड और पैरामिलिट्री भर्ती की तैयारी कराई जा रही है। आरोप है कि कैंप में पिछले कई दिनों से छात्रों को खराब और घटिया गुणवत्ता का भोजन परोसा जा रहा था। छात्रों ने कई बार जिम्मेदार अधिकारियों से खाने की गुणवत्ता को लेकर शिकायत भी की थी, लेकिन किसी ने इस ओर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया।
