गुलमर्ग रोपवे बीच हवा में रुका, करीब 300 पर्यटक फंसे, इनमें बच्चे-बुजुर्ग भी, कई लोग घबराकर रोने लगे
जम्मू-कश्मीर के प्रसिद्ध गुलमर्ग रोपवे (गुलमर्ग गोंडोला) में सोमवार को बड़ी तकनीकी खराबी आने के बाद सैकड़ों पर्यटक बीच हवा में फंस गए। रोपवे की सभी केबिन अचानक रुकने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। सेना, पुलिस और प्रशासन ने बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया है। बताया जा रहा है कि घटना के बाद कई पर्यटक घबराकर रोने लगे और तुरंत मदद की मांग करने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बच्चों और बुजुर्गों में सबसे ज्यादा डर का माहौल देखा गया। घटना की सूचना मिलते ही श्रीनगर से स्पेशल रेस्क्यू टीमें मौके पर भेजी गई हैं। भारतीय सेना भी मौजूद है। घटना को लेकर जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाने कहा- सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। सभी केबिन और उसमें फंसे पर्यटक सुरक्षित हैं। लोगों को बाहर निकालने के लिए प्रशिक्षित टीमें ऑपरेशन चला रही हैं। घबराने की कोई जरूरत नहीं है।
Several tourists were left stranded in cable car cabins after a sudden technical fault disrupted operations in the first phase of the Gulmarg Gondola. Rescue teams launched an emergency operation and are working to safely evacuate passengers using ropes.#Gulmarg pic.twitter.com/Bi4shn45Jw
— Farhat Naik (@Farhat_naik_) May 25, 2026
गुलमर्ग रोपवे एशिया का सबसे ऊंचा और सबसे लंबा केबल कार प्रोजेक्ट है, और यह दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा और सबसे ऊंचा केबल कार सिस्टम है। यह दो फेज में गुलमर्ग के आधार से कोंगदोरी और फिर अफरवत चोटी तक जाता है। यहां से बर्फीली चोटियों के शानदार नजारे दिखाई देते हैं। गुलमर्ग गोंडोला देश के सबसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों में गिना जाता है और गर्मियों में यहां बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। हालांकि, घटना के बाद सुरक्षा मानकों और रखरखाव को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
