थाने में लगे टावर पर चढ़कर महिला ने लगाई फांसी, सुसाइड रिलेटेड VIDEO देखा करती थी

छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां कुनकुरी थाना परिसर में लगे एक ऊंचे मोबाइल वायरलेस टावर पर चढ़कर 22 वर्षीय महिला ने खुदकुशी कर ली. मंगलवार सुबह करीब 5 बजे महिला दुपट्टा लेकर चुपके से थाने के टावर पर चढ़ गई और लगभग 100 फीट की ऊंचाई पर जाकर फंदे से लटक गई. दिल दहला देने वाली बात ये है कि सुसाइड करने से ठीक पहले उसने पुलिस की हेल्पलाइन ‘डायल 112’ पर कॉल भी किया था. मृतका की पहचान धुमाडांड गांव की रहने वाली निलिमा लकड़ा (22) के रूप में हुई है. परिजनों और पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, निलिमा लंबे समय से मानसिक तनाव और अवसाद (डिप्रेशन) से जूझ रही थी. वह अक्सर अपने मोबाइल पर सुसाइड से जुड़े वीडियो देखा करती थी, जिससे उसका मानसिक संतुलन और ज्यादा बिगड़ गया था.

घटना से एक दिन पहले, सोमवार (25 मई 2026) को निलिमा अपनी 4 साल की मासूम बेटी का बर्थ सर्टिफिकेट और सरकारी पहचान पत्र (दस्तावेज) बनवाने के लिए इधर-उधर भटक रही थी. वह अपनी मां के साथ अस्पताल भी गई थी, लेकिन इसी दौरान वह अचानक कहीं लापता हो गई. रिश्तेदार रातभर उसकी तलाश करते रहे, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला.

मंगलवार तड़के निलिमा ने ‘डायल 112’ पर कॉल कर पुलिस को अपनी समस्या बताई, जिसके बाद पुलिसकर्मियों ने उसे ढांढस बंधाया और समझाने की कोशिश की. लेकिन कुछ ही देर बाद वह कुनकुरी थाना परिसर के टावर पर चढ़ गई. महिला को इतनी ऊंचाई पर देख थाने में हड़कंप मच गया.

तुरंत कुनकुरी पुलिस, नगर सेना, डीडीआरएफ (DDRF) और नगर पंचायत की रेस्क्यू टीमों को बुलाया गया. पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने नीचे से लाउडस्पीकर के जरिए निलिमा को बातों में उलझाकर शांत करने और सुरक्षित नीचे उतारने की हरसंभव कोशिश की. लेकिन तमाम मिन्नतों और समझाइश के बावजूद उसने सबके सामने टावर पर ही फांसी लगा ली.

टावर की ऊंचाई बहुत ज्यादा होने के कारण शव को सुरक्षित नीचे उतारने में रेस्क्यू टीम को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी. करीब 3 से 4 घंटे तक चले इस ऑपरेशन के दौरान थाना परिसर के बाहर हजारों लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई थी. घटना की गंभीरता को देखते हुए एएसपी राकेश पटनवार, एसडीएम नंद जी पांडे और एसडीओपी विनोद कुमार मंडावी समेत कई आला अधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर आगे की कानूनी जांच शुरू कर दी है.