देशभर में मनाई जा रही बकरीद, दिल्ली-यूपी में कड़ी सुरक्षा
इस्लाम के दूसरे सबसे महत्वपूर्ण त्योहार बकरीद का जश्न देशभर में मनाया जा रहा है। मुस्लिम धर्मावलंबी ईदगाहों में नमाज पढ़ने पहुंचे हैं। पीएम मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी देशवासियों को ईद की शुभकामनाएं दी हैं। राजस्थान के अजमेर में ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती की दरगाह में जन्नती दरवाजा खोला गया है। दिल्ली में जामा मस्जिद, जहांगीरपुरी में पुलिस ड्रोन के जरिए निगरानी रख रही है। इधर, केरलम के तिरुवनंतपुरम की पलयाम जुमा मस्जिद के इमाम ने नमाज के बाद नमाजियों से कहा कि दूसरे जिसकी पूजा करते हैं, उसका कभी अपमान नहीं करना चाहिए, ऐसा काम मजाक में भी नहीं करें।
उन्होंने यह भी कहा कि बकरे के कटे हुए सिर को सार्वजनिक रूप से दिखाने वाले उत्सव नहीं होने चाहिए। मध्यप्रदेश के वक्फ बोर्ड ने भी कुर्बानी के वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर नहीं करने के निर्देश दिए हैं। ईद-उल-अजहा या बकरीद, जो इस साल 28 मई को मनाई जा रही है, एक इस्लामी त्योहार है जिसे ‘बलिदान का त्योहार’ भी कहा जाता है। यह इस्लामी हिजरी कैलेंडर के 12वें महीने, धू अल-हिज्जा के 10वें दिन मनाया जाता है। यह मक्का में होने वाली सालाना हज यात्रा के समापन का प्रतीक है।
बकरीद की तारीख हर साल बदलती रहती है क्योंकि यह चंद्र कैलेंडर पर आधारित होता है, जो ग्रेगोरियन कैलेंडर से लगभग 11 दिन छोटा होता है। इसका नतीजा यह होता है कि पश्चिमी कैलेंडर में ईद हर साल थोड़ा पहले आ जाती है।
