दुनिया का सबसे अनोखा पहाड़, जो बिल्कुल ‘Rainbow’ की तरह चमकता है…

दुनिया में कई खूबसूरत पहाड़ हैं, लेकिन पेरू का Vinicunca Mountain अपनी अनोखी रंग-बिरंगी खूबसूरती की वजह से सबसे अलग माना जाता है. इसे ‘Rainbow Mountain’ यानी इंद्रधनुषी पहाड़ के नाम से जाना जाता है. इसकी पहाड़ियों पर लाल, पीले, हरे, नारंगी और बैंगनी रंग की प्राकृतिक धारियां दिखाई देती हैं, जिन्हें देखकर ऐसा लगता है मानो किसी कलाकार ने पहाड़ों पर रंगों की पेंटिंग कर दी हो. यही वजह है कि यह जगह दुनियाभर के पर्यटकों और एडवेंचर प्रेमियों के लिए आकर्षण का बड़ा केंद्र बन चुकी है.

पेरू के एंडीज पर्वतों में स्थित यह पहाड़ समुद्र तल से करीब 5,000 मीटर की ऊंचाई पर मौजूद है. इतनी ज्यादा ऊंचाई होने के वजह से यहां ऑक्सीजन की मात्रा भी काफी कम होती है, इसलिए इस जगह तक पहुंचना आसान नहीं माना जाता है. बावजूद इसके हर साल हजारों पर्यटक यहां ट्रेकिंग करने पहुंचते हैं. खासकर फोटोग्राफर्स और नेचर लवर्स के बीच यह जगह बेहद लोकप्रिय हो चुकी है.

वैज्ञानिकों के मुताबिक, इस पहाड़ के अलग-अलग रंगों के पीछे प्राकृतिक खनिजों की बड़ी भूमिका है. लाल रंग आयरन ऑक्साइड, पीला रंग सल्फर और हरे रंग की परतें दूसरे मिनरल्स की वजह से बनती हैं. कई सालों तक यह पहाड़ बर्फ से ढका रहा, इसलिए इसकी असली खूबसूरती दुनिया के सामने नहीं आ पाई थी. लेकिन जब ग्लेशियर पिघलने लगे, तब इसकी रंगीन परतें धीरे-धीरे दिखाई देने लगीं और सोशल मीडिया पर इसकी तस्वीरें वायरल होते ही यह दुनिया भर में मशहूर हो गया.

Rainbow Mountain तक पहुंचने का सफर भी किसी रोमांच से कम नहीं है. यहां पहुंचने के लिए सबसे पहले पर्यटकों को पेरू के Cusco शहर जाना पड़ता है. इसके बाद सड़क मार्ग और फिर लंबी ट्रेकिंग के जरिए पहाड़ तक पहुंचा जाता है. ट्रेकिंग के दौरान बर्फ से ढकी चोटियां, गहरी घाटियां और खूबसूरत प्राकृतिक नजारे देखने को मिलते हैं. रास्ते में Alpaca और Llama जैसे जानवर भी पर्यटकों का ध्यान आकर्षित करते हैं.

विशेषज्ञों के अनुसार मई से सितंबर के बीच यहां घूमना सबसे बेहतर माना जाता है. इस दौरान मौसम साफ रहता है और ट्रेकिंग करना आसान होता है. बारिश के मौसम में रास्ते काफी फिसलन भरे हो जाते हैं, जिससे यात्रा मुश्किल हो सकती है. यही वजह है कि Rainbow Mountain आज भी दुनिया के सबसे अनोखे और रोमांचक पर्यटन स्थलों में गिना जाता है.