दुखी होने पर शराब नहीं, नेलपॉलिश पीती है महिला, एक दिन में गटक जाती है 5 बोतल!
लत की दुनिया में हर रोज नई-नई अजीबोगरीब कहानियां सामने आ रही हैं. मशहूर टीवी शो ‘माई स्ट्रेंज एडिक्शन’ में एक महिला ने ऐसी लत का खुलासा किया है जिसे सुनकर हर कोई हैरान रह गया. जहां ज्यादातर लोग दुख, तनाव या डिप्रेशन में शराब, सिगरेट या ड्रग्स का सहारा लेते हैं, वहीं यह महिला नेलपॉलिश पीकर अपना मूड ठीक करती है. शो में महिला ने बताया कि पिछले 5 सालों से जब भी उसे उदासी छा जाती है या कोई दुख होता है, वो नेलपॉलिश की बोतल मुंह से लगा लेती है. एक दिन में वह 3 से 5 बोतल तक नेलपॉलिश पी जाती है. खास बात यह है कि उसे अलग-अलग रंग और ग्लिटर वाली नेलपॉलिश ज्यादा पसंद है. चमकदार गुलाबी, चमकीला लाल या ग्लिटर वाली नेलपॉलिश पीने के बाद उसे तुरंत अच्छा महसूस होता है.
महिला ने बताया, “जब मेरी प्रेमी से लड़ाई होती है या कोई परेशानी आती है तो मुझे बहुत उदासी छा जाती है. शराब मुझे अच्छी नहीं लगती. एक दिन संयोग से नेलपॉलिश की बोतल हाथ लग गई और मैंने पी ली. अचानक अच्छा लगने लगा. उसके बाद यही लत लग गई. अब बिना नेलपॉलिश के मेरा दिन नहीं कटता.” उसने आगे कहा कि ग्लिटर वाली नेलपॉलिश पीने से उसे एक अलग ही चमक और एनर्जी मिलती है. वह कई ब्रांड्स की नेलपॉलिश खरीदकर रखती है और रोजाना नई बोतल खोलकर पीती है.
चिकित्सकों के अनुसार नेलपॉलिश में केमिकल जैसे एक्टोन, टॉल्यूनि, फॉर्मेल्डिहाइड और अन्य जहरीले पदार्थ होते हैं. इन्हें पीने से लीवर, किडनी, फेफड़े और दिमाग को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है. लंबे समय तक ऐसा करने से कैंसर, न्यूरोलॉजिकल समस्या, खून की कमी और यहां तक कि मौत भी हो सकती है. शो के डॉक्टर ने महिला को तुरंत इस लत से छुटकारा पाने की सलाह दी और रिहैबिलिटेशन सेंटर में भर्ती होने को कहा. लेकिन महिला कहती है कि वो कोशिश कर रही है पर अभी तक सफल नहीं हुई है.
मनोवैज्ञानिकों के अनुसार डिप्रेशन, एंग्जायटी या इमोशनल ट्रॉमा के समय लोग असामान्य चीजों की तरफ आकर्षित हो जाते हैं. नेलपॉलिश का स्वाद तेज और केमिकल वाला होता है जो कुछ लोगों को नशे जैसा प्रभाव देता है. ग्लिटर और रंग देखकर मनोरंजन भी मिलता है, जिस वजह से यह लत और मजबूत हो जाती है.
