लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन का टिन शेड गिरा, टीटीई समेत 3 लोग गंभीर रूप से घायल

लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-5 का टिन शेड शुक्रवार सुबह 8 बजे गिर गया। हादसे में टीटीई और 2 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। RPF रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है। तीनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसी प्लेटफॉर्म पर हावड़ा-देहरादून एक्सप्रेस (13037) प्लेटफॉर्म पहुंच गई थी, जिसे बाद में रुकवा लिया गया। अधिकारियों ने मौके पर क्रेन मंगवाई, जिससे टिन शेड का नीचे गिर चुका हिस्सा बाहर निकाला जा रहा है। DRM सुनील कुमार ने हादसे के जांच के आदेश दिए हैं।

चारबाग स्टेशन के 4 नंबर प्लेटफॉर्म पर रेनोवेशन का काम चल रहा है, इसलिए उसे बंद कर दिया गया था। 5 नंबर प्लेटफॉर्म खुला हुआ था। शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे इंटरसिटी एक्सप्रेस 5 नंबर प्लेटफॉर्म से निकली। ज्यादातर यात्री उसमें सवार होकर चले गए। हावड़ा-देहरादून एक्सप्रेस आ रही थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की भीड़ बहुत कम थी। इस बीच अचानक टिन शेड का करीब 60–70 फीट लंबा हिस्सा टूटकर नीचे लटक गया। इसमें टीटीई भूपेंद्र, यात्री अभिषेक और साहिल दब गए। हादसे के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। ट्रेन को प्लेटफॉर्म पर हादसे वाली जगह से पहले ही रोक दिया गया।
रेलवे पुलिसकर्मी दौड़कर मौके पर पहुंचे। देखा तो तीनों यात्री टिन शेड में फंसे हुए थे। पुलिसकर्मियों ने टिन शेड उठाकर उन्हें बाहर निकाला। टीटीई और दोनों यात्रियों को आलमबाग अस्पताल भेजा गया। हादसे में टीटीई का पैर बुरी तरह फ्रैक्चर हो गया है।