Punjab Nikay Chunav Results : पंजाब के सेमीफाइनल में AAP की सुनामी! 800 से ज्यादा वार्ड जीते
पंजाब में हाल ही में संपन्न हुए नगर निकाय चुनावों के नतीजों में सत्ताधारी आम आदमी पार्टी (AAP) का दबदबा रहा है. AAP ने अभी तक 800 से ज्यादा वार्डों में जीत हासिल की है. राज्य चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार कांग्रेस 276 वार्डों में विजयी रही, जबकि 214 वार्डों में निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत हासिल की. शिरोमणि अकाली दल को 150 वार्डों में सफलता मिली है. भारतीय जनता पार्टी 69 वार्डों में जीत दर्ज कर सकी, जबकि बहुजन समाज पार्टी के खाते में 6 वार्ड आए हैं. इन नतीजों ने साफ कर दिया है कि शहरी क्षेत्रों में आम आदमी पार्टी का प्रभाव लगातार मजबूत हुआ है और विपक्षी दलों को कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा है.
शुक्रवार सुबह 8 बजे से शुरू हुई मतगणना के साथ ही राज्यभर के राजनीतिक दलों की नजरें परिणामों पर टिकी रहीं. राज्य चुनाव आयोग ने मतगणना प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए विशेष इंतजाम किए थे. आयोग के कार्यक्रम के अनुसार प्रत्येक जिले में चुनाव पर्यवेक्षकों की निगरानी में मतगणना कराई गई. रैंडमाइजेशन प्रक्रिया के बाद मतगणना पर्यवेक्षक और सहायकों की नियुक्ति की गई ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता की संभावना न रहे.
मतगणना केंद्रों पर दो-दो माइक्रो ऑब्जर्वर भी तैनात किए गए थे. ये अधिकारी संबंधित जिले के जनरल ऑब्जर्वर की प्रत्यक्ष निगरानी में कार्य कर रहे थे और उन्हें नियमित रिपोर्ट सौंप रहे थे. आयोग ने स्पष्ट किया था कि मतगणना केंद्रों में केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही प्रवेश दिया जाएगा. प्रत्येक उम्मीदवार को हर मतगणना टेबल पर एक मतगणना एजेंट नियुक्त करने की अनुमति दी गई थी. उम्मीदवार या उसका चुनाव एजेंट मतगणना हॉल में मौजूद रहकर पूरी प्रक्रिया पर नजर रख सकता था.
राज्य चुनाव आयोग ने वार्डवार नतीजों को ऑनलाइन उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की. आयोग की वेबसाइट पर “Results of Municipal Elections 2026” टैब के अंतर्गत परिणाम अपलोड किए जा रहे हैं. मीडिया प्रतिनिधियों के लिए भी मतगणना केंद्रों पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं ताकि चुनाव परिणामों की जानकारी तेजी से जनता तक पहुंच सके.
गौरतलब है कि पंजाब में 26 मई को मतदान कराया गया था. इस चुनाव में 8 नगर निगम, 75 नगर परिषद और 20 नगर पंचायतों सहित कुल 103 शहरी निकायों के लिए वोट डाले गए थे. मतदान के दौरान मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी दिखाई थी. सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पुलिस बल, प्रशासनिक अधिकारियों और सीसीटीवी निगरानी का सहारा लिया गया था.
