दतिया में हिस्ट्रीशीटर से सत्कार कराने पर एक्शन, SDOP और TI ने बदमाश से पहनी माला, एसपी ने थमाया नोटिस
एमपी के दतिया में पुलिस के आला अधिकारियों का एक घोषित बदमाश से मंच पर सत्कार कराने का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। खाकी और अपराधी के गठजोड़ की तस्वीरें वायरल होने के बाद एसपी मयूर खंडेलवाल ने सख्त एक्शन लिया है। इसे पुलिस की छवि धूमिल करने वाली अनुशासनहीनता मानते हुए एसपी ने एसडीओपी और कोतवाली टीआई को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिन में जवाब तलब किया है। जानकारी मुताबिक, मामला कुछ दिनों पुराना है, बीते दिनों शहर में एक सार्वजनिक कार्यक्रम योजित किया गया था।। इस कार्यक्रम में एसडीओपी आकांक्षा जैन और कोतवाली थाना टीआई धीरेंद्र मिश्रा बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए थे। इसी दौरान सिनावल थाने के घोषित हिस्ट्रीशीटर दिनेश अहिरवार ने मंच पर पहुंचकर दोनों पुलिस अधिकारियों को फूल-माला पहनाई।
दोनों अधिकारियों ने भी बिना किसी आपत्ति के उस बदमाश से अपना सत्कार करवाया और उसके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि, जिस बदमाश दिनेश अहिरवार से पुलिस अफसर स्वागत और सत्कार करवा रहे थे, उस पर महज दो दिन पहले ही सिविल लाइन थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की थी। पुलिस ने उसे पतारा के जंगलों में बड़े पैमाने पर जुआ खिलाते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। इसके बाद आम जनता के बीच अपराधियों का खौफ खत्म करने के लिए पुलिस ने इसी आरोपी का शहर में पैदल जुलूस भी निकाला था।
कार्यक्रम का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद दतिया एसपी मयूर खंडेलवाल ने मामले पर संज्ञान लिया। उन्होंने इसे घोर अनुशासनहीनता करार देते हुए एसडीओपी आकांक्षा जैन और टीआई धीरेंद्र मिश्रा को नोटिस दिया है।
दोनों अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे इस मामले में तीन दिन के भीतर अपना लिखित स्पष्टीकरण पेश करें। संतोषजनक जवाब न मिलने की स्थिति में उनके खिलाफ विभागीय और दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
