3 जुलाई से शुरू होगी अमरनाथ यात्रा 2026, बर्फ हटाने और मरम्मत का काम युद्धस्तर पर, बालटाल रूट जल्द होगा तैयार

आगामी तीन जुलाई से शुरू हो रही श्री अमरनाथ यात्रा की तैयारियां तेजी की गई हैं। यात्रा मार्ग से बर्फ को हटाने व मरम्मत कार्य किए जा रहे हैं, जिसे समयबद्ध पूरा करने पर जोर दिया गया है। गांदरबल के जिला उपायुक्त जतिन किशोर ने बुधवार को एक बैठक कर बालटाल मार्ग पर यात्रा प्रबंधों की तैयारियों की जानकारी ली। की बैठक में दी गई। उन्होंने पुलिस विभाग के साथ सुरक्षा व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। तैनाती स्थलों, चेकपोस्ट और तलाशी बिंदुओं को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए गए। इसके साथ बेस कैंप के प्रमुख प्रवेश बिंदुओं पर सुरक्षा स्कैनर स्थापित करने को कहा गया।

बैठक में सीमा सड़क संगठन के अधिकारियों ने बताया कि बर्फ हटाने का कार्य तेजी से चल रहा है और मार्ग निर्धारित समय सीमा के भीतर खोले जाने की उम्मीद है। ढांचागत विकास कार्यों के लिए अधिकांश चिन्हित कार्यों के लिए निविदाएं जारी कर दी गई हैं और कई स्थानों पर कार्य शुरू हो चुका है।

श्रम विभाग ने बताया कि पोनी और पिट्ठू संचालकों का पंजीकरण शुरू हो गया है और आने वाले दिनों में इस प्रक्रिया को तेज किया जाएगा। यात्रियों की सुविधा के लिए आरएफआइडी और ई-केवाईसी काउंटरों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए गए, जिसमें आन-स्पाट पंजीकरण काउंटर पर अतिरिक्त काउंटर स्थापित करना भी शामिल है।

डीसी ने स्वच्छता को प्राथमिकता बताते हुए संबंधित विभागों को यात्रा मार्ग पर पर्याप्त शौचालयों की स्थापना और उचित कचरा प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बालटाल और अन्य स्थानों पर चिकित्सा सुविधाओं को आवश्यक उपकरणों और स्टाफ के साथ मजबूत किया जा रहा है।