उज्जैन में मुस्लिम युवक ने अपनाया सनातन धर्म, सलमान से बन गया शांतनु
उज्जैन में एक मुस्लिम युवक ने सनातन धर्म अपना लिया है और शिप्रा नदी के किनारे मोनीतीर्थ आश्रम में विधि विधान से उसकी घर वापसी हुई है। परिजनों का विरोध होने के कारण युवक ने सनातन धर्म अपनाने में बजरंग दल की मदद भी ली। सनातन धर्म अपनाते ही युवक ने कहा कि मुझे बचपन से सनातन धर्म से प्यार रहा है। सनातन धर्म के रीति-रिवाज व पद्धति से प्रभावित होकर धर्म नगरी उज्जैन में एक युवक आज मुस्लिम से हिंदू बन गया। शहर के मोहन नगर निवासी सलमान खान ने विधि विधान के साथ शिप्रा नदी के किनारे मोनीतीर्थ आश्रम में सनातन धर्म अपनाया। यहां पूजन पद्धति के अनुसार सलमान ने सबसे पहले शिप्रा नदी में डुबकी लगाई फिर पूजन आरती की।
आश्रम में मंत्र जाप के बीच पंच द्रव्य का पान किया। इस दौरान बटुकों ने मंत्र उच्चारण किया। यहां खास बात यह रही कि सलमान खान द्वारा सनातन धर्म अपनाने का उसके परिजनों ने विरोध किया था। इसके कारण सलमान ने बजरंग दल का सहयोग लिया और सनातन धर्म अपनाया।
सलमान से शांतनु बनने के बाद युवक ने कहा कि मेरा पूरी रीति रिवाज के साथ सनातन धर्म में प्रवेश हुआ है। बचपन से ही सनातन धर्म में आस्था थी, तभी से इच्छा थी। मुझे बचपन से ही सनातन धर्म अच्छा लगता था। परिजनों द्वारा मेरा सपोर्ट नहीं किया जा रहा था। घर में मम्मी, पापा और भाई बहन हैं। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं से संपर्क के बाद मैं आज मोनीतीर्थ आश्रम में पहुंचा हूं। अब परिवार से अलग होकर जीवन यापन करूंगा।
मौनी तीर्थ के महंत महामंडलेश्वर सुमन आनंद गिरि महाराज ने बताया कि युवक में पिछले कई वर्षों से सनातन धर्म स्वीकार करने की तड़प थी। रीति रिवाज के साथ पूरी प्रक्रिया निभाई गई है। युवक को पांच द्रव्यों का पान कराया गया है । सनातन धर्म ही ऐसा धर्म है जो सभी को स्वीकार करता है। इसमें कोई भेदभाव ऊंच नीच नहीं है। सलमान अब शांतनु कश्यप बन गया है।
